लापरवाह महिला मुखिया का उपायुक्त ने छीना अधिकार
धनबाद : स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने के आरोप में उपायुक्त आंजनेयुलु
धनबाद : स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण में लापरवाही बरतने के आरोप में उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने बाघमारा प्रखंड की बहियारडीह पंचायत की महिला मुखिया गिरिजा देवी का अधिकार उप मुखिया को देने का निर्देश दिया है। साथ ही मुखिया के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
जून तक धनबाद जिले को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) करने के लिए युद्धस्तर पर शौचालय निर्माण का काम चल रहा है। उपायुक्त रविवार को बहियारडीह पंचायत का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां शौचालय निर्माण नहीं हो रहा था। एक भी लेबर कार्य करते नहीं दिखे। इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने मुखिया का अधिकार वापस लेकर उप मुखिया को देने का निर्देश जिला पंचायत राज पदाधिकारी को दिया है। बाघमारा प्रखंड की प्रमुख मीनाक्षी रानी गुड़िया लगातार उपायुक्त से मुखिया की शिकायत कर रही थीं। प्रमुख का आरोप है कि मुखिया विकास कार्यो में रुचि नहीं लेती हैं।
उपायुक्त ने बताया कि बहियारडीह पंचायत में विकास कार्यो की गति काफी धीमी है। रविवार को निरीक्षण के दौरान शौचालय निर्माण में एक भी लेबर कार्य करते नहीं दिखाई दिए। मुखिया का अधिकार लेकर उप मुखिया को देने का निर्देश दिया है।