Deoghar: शादी समारोह से घर लाैट रहे साला-बहनोई को अपराधियों ने मारी गोली, एक ने तोड़ा दम
मृतक अफजाल अंसारी जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह गांव का रहने वाला है। वहीं घटना में घायल मोतिउर रहमान जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का निवासी है। दोनों युवकों को नजदीक से सिर पर गोली मारी गई है। मतिउर रिश्ते में अफजल का साला है।
जागरण संवाददाता, देवघर। जिले के सारवां थाना क्षेत्र के घोरपरास जंगल के पास सोमवार सुबह अपराधियों ने दो युवकों को गोली मार दी। इस घटना में एक की मौत हो गई वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अफजाल अंसारी जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह गांव का रहने वाला है। वहीं घटना में घायल मोतिउर रहमान जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का निवासी है। दोनों युवकों को नजदीक से सिर पर गोली मारी गई है। मतिउर रिश्ते में अफजल का साला है।
गोली मारने के बाद फरार हो गए अपराधी
घटना के संबंध में बताया गया कि रघुनाथपुर में शादी थी। अपने ससुराल शामिल होने गया था वहां से अपने साला मतिउर के साथ घर वापस लौट रहा था। इस दौरान घोरपरास पहरीडीह मार्ग पर अपराधियों ने दोनों को गोली मार दी। घटना में अफजल की मौके पर ही मौत हो गई। वही मतिउर गंभीर रूप से घायल हो गया। अपराधी गोली मारकर मौके पर बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलने पर एसपी धनंजय कुमार सिंह, एसडीपीओ पवन कुमार और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, सारवां थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने पहले अस्पताल और फिर घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गोली मारने के कारणों का जल्द खुलासा होगा।
पूर्व मंत्री सुरेश पासवान ने घटना की ली जानकारी
घटना के बाद अस्पताल में पूर्व मंत्री सुरेश पासवान पहुंचे। उन्होंने मृत और घायल के स्वजनों से मिलकर घटना की जानकारी प्राप्त की। पुलिस से अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।