जेल में बंद भाजपा विधायक के नजदीकी व्यवसायी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एसयूवी में ठोकी गोलियां Dhanbad News
अभिजीत बार के मालिक अभय सिंह का रानीबाजार में घर है। देर रात दो लोग बाइक पहुंच कर घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
कतरास, जेएनएन। जेल में बंद भाजपा विधायक ढुलू महतो के करीबी व्यवसायी अभय सिंह के कतरास रानी बाजार स्थित आवास पर मंगलवार की रात करीब 11 बजे नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घर के बाहर खड़ी एसयूवी गाड़ी पर अपराधियों ने चार गोली ठोक दी।आवाज सुनकर अभय की पत्नी बाहर बालकोनी में निकली और विरोध शोर मचाई तो हवाई फायरिंग करते हुए अपराधी भाग निकले। सूचना मिलते ही कतरास थानेदार रासबिहारी लाल दल बल के साथ पहुंचे और तहकीकात की।
अभिजीत बार के मालिक अभय सिंह बाघमारा के विधायक ढुलू महतो के करीबी हैं। विधायक इन दिनों जेल में बंद हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में कैद है। घटनास्थल से 3 खाली खोखा बरामद की गई। घर के सामने खड़ी उनके क्रेटा वाहन में गोली के छेद पाए गए। अपराधियों की संख्या दो थी। अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे। एक मोटर साइकिल से उतर कर फायर किया। इसके बाद दोनों मोटर साइकिल से चलते बने। इस घटना के बाद अभय सिंह का परिवार दहशत में है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पराधी पल्सर पर आए थे। अभय की पत्नी ने कहा गोली की आवाज सुनकर बाहर बालकोनी में पहुंची तो देखा कि दो अपराधी बाहर खड़े हैं। सादे कपड़े से चेहरा छिपाये थे। दो फायर नीचे किया। जब मैंने विरोध किया तो गोली हवा में फायर कर भाग निकले। थाना प्रभारी रास बिहारी लाल ने बताया कि घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है। जांच की जा रही है। अवर निरीक्षक अलोक कुमार ने कहा कि मौके से 3 खाली खोखा मिला है।