झरिया में सरकारी अनाज ले जाते पकड़ा, हंगामा के बाद हुई मारपीट
संस झरिया सरकारी अनाज को लोगों से कम दामों में खरीद कर अवैध कारोबारी उसे अधिक मूल्य
संस, झरिया : सरकारी अनाज को लोगों से कम दामों में खरीद कर अवैध कारोबारी उसे अधिक मूल्य पर बाजारों कर दुकानों में बेचते हैं। अवैध कारोबारी दुपहिया से सरकारी राशन ले जाते हैं। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगती है। ऐसा ही एक मामला झरिया फुलारीबाग के पास गुरुवार को देखने को मिला। सरकारी चावल को कुछ नाबालिग लड़के स्कूटी से ले जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने रोककर पूछताछ की। लड़कों ने इसकी जानकारी अपने मालिक को दी। मालिक के पहुंचते ही हंगामा, गाली-गलौज के साथ मारपीट होने लगी। पास के लोगों ने मामले को शांत कराया। इसकी जानकारी झरिया थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर प्रह्लाद कुमार को एक स्कूटी व लगभग एक सौ किलो चावल के साथ थाना ले गई। मंगल नामक युवक ने कहा कि प्रहलाद सरकारी राशन का अवैध धंधा करता है। रोज कुछ लड़कों को लेकर स्कूटी के माध्यम से सरकारी चावल की हेराफेरी करता है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।