भाकपा माले ने सरकार पर बोला हमला, कहा, झारखंड में बालू और जमीन माफिया का बोलबाला Dhanbad News
बच्चा चोरी के नाम पर मॉब लिंचिंग बैंकों की लूट एक देश एक कानून की बातें हो रही हैं। लेकिन मजदूरों के हितों पर बेरोजगारी पर भ्रष्टाचार पर एक कानून की बात नहीं हो रही है।
सिंदरी, जेएनएन। भाकपा माले केंद्रीय समिति के सदस्य पूर्व विधायक विनोद सिंह ने झारखंड की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश और झारखंड की राजनीति में इस समय बेकार की बातें ज्यादा हो रही हैं। मजदूर हित, बेरोजगारी और लूट-खसोट की बात नहीं हो रही है। विधानसभा चुनाव में जनता को मजदूर हित और बेरोजगारी को ध्यान में रखकर मतदान करना चाहिए।
सिंह बुधवार को बलियापुर प्रखंड के परसबनिया पंचायत में भाकपा माले नेता जनार्दन प्रसाद की तीसरी पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। जनार्दन प्रसाद के परसबनिया पंचायत के मोदीडीह स्थित उनके गांव में उनकी आदमकद प्रतिमा की स्थापना कर कार्यकर्ताओं के प्रति पार्टी ने सम्मान का इजहार किया। भाकपा माले केंद्रीय कमेटी के सदस्य और पूर्व विधायक विनोद सिंह व मासस के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व विधायक आनंद महतो ने माले के राज्य कमेटी सदस्य जनार्दन की प्रतिमा का अनावरण बुधवार को किया। लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संकल्प सभा में विनोद सिंह ने कहा कि आज सामाजिक बदलाव के लिए पूरे देश में संघर्ष हो रहा है। सभी को आगे आना होगा। वैसे समय में हम जनार्दन को याद कर रहे हैं। बच्चा चोरी के नाम पर मॉब लिंचिंग, बैंकों की लूट, एक देश एक कानून की बातें हो रही हैं। लेकिन मजदूरों के हितों पर, बेरोजगारी पर, भ्रष्टाचार पर एक कानून की बात नहीं हो रही है। झारखंड राज्य में बालू माफिया, जमीन माफिया का बोलबाला है। सरकारी जमीन को लूटने की छूट झारखंड सरकार ने दे रखी है। ऐसी स्थिति में हमें एकजुट होकर जनार्दन के सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष करना होगा।
आनंद महतो ने कहा कि जनार्दन ने लगभग 38 साल तक वामपंथ के लिए हमारे साथ काम किया है। जीवन भर दलित और पिछड़ों के हक के लिए संघर्ष किया। भगवान बिरसा मुंडा के सपने को साकार करने के लिए अपने प्राणों की आहूति दी। हमें जनार्दन के विचार का अनुशरण कर कार्यकर्ता बनने का संकल्प लेना चाहिए।
सभा को माले राज्य कमेटी के सदस्य नकुलदेव सिंह, नागेंद्र कुमार, देवदीप सिंह, दिवाकर, जेएन सिंह, दुलाल प्रमाणिक, जिला सचिव कृष्णा सिंह, माकपा के कालीसेन गुप्ता, लोकनाथ सिंह, कृष्णा प्रसाद, सुभाष मंडल ने संबोधित किया। धन्यवाद नकुलदेव सिंह ने दिया। मौके पर राजेश महतो, संतोष महतो गौतम सिंह, भरत पांडेय, राजू हाड़ी, गोविंद सुधीर महतो आदि थे।