Covid-19 SSLNT Hospital: कोरोना संक्रमित गर्भवती महिलाओं को नहीं मिल रही जरूरी सुविधा, प्रबंधन ने मांगे मैन पावर और संसाधन
Covid-19 SSLNT Hospital गर्भवती माताओं को पौष्टिक आहार देने का प्रावधान है। लेकिन अस्पताल में सामान्य खाना मरीजों को दिया जा रहा है। नवजात के लिए दूध की व्यवस्था नहीं की गई है।
धनबाद, जेएनएन। Covid-19 SSLNT Hospital कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए एसएसएलएनटी अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाया गया है। इस अस्पताल में सिर्फ महिलाओं और गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए भर्ती किया जाना है। अब तक 3 महिलाओं को यहां भर्ती कराया गया है। लेकिन अस्पताल में सुविधाओं का घोर अभाव है। शौचालय की स्थिति काफी खराब है, पाइप जाम है। मरीज इसकी शिकायत अस्पताल के डॉक्टरों को कर रहे हैं। इसके साथ ही अस्पताल में ऑक्सीजन, पर्याप्त दवाएं, गरम पानी करने की व्यवस्था, नवजात बच्चे की देखभाल के लिए आवश्यक सामान नहीं हैं। इस व्यवस्था से मरीज और उनके परिजन नाराज दिख रहे हैं। टुंडी से आए परिजनों ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन यहां कोई सुविधा नहीं है। इससे मरीज परेशान है।
प्रबंधन ने पीएमसीएच से मांगे डॉक्टर -कर्मी
एसएसएलएनटी अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर जितेश रंजन ने पीएमसीएच और सिविल सर्जन से डॉक्टर और कर्मचारियों की मांग की है। उन्होंने कहा है एसएसएलएनटी अस्पताल के दो दर्जन डॉक्टर और कर्मचारी फिलहाल पीएमसीएच में सेवा दे रहे हैं। इन्हें वापस एसएसएलएनटी बुलाया जाए। इसके साथ ही सिविल सर्जन से जरूरी सामान और उपकरणों की मांग की गई है, ताकि मरीजों का सही इलाज किया जा सके।
गर्भवती माताओं को पौष्टिक आहार नहीं
गर्भवती माताओं को पौष्टिक आहार देने का प्रावधान है। लेकिन अस्पताल में सामान्य खाना मरीजों को दिया जा रहा है। नवजात के लिए दूध की व्यवस्था नहीं की गई है।
अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी है। वरीय अधिकारियों से व्यवस्था करने की मांग की गई है। संसाधन की भी कमी है। सीमित संसाधन में काम किया जा रहा है।
-डॉ रितेश रंजन, अधीक्षक,एसएसएलएनटी, अस्पताल