Coronavirus Dhanbad News Update: धनबाद में कोरोना ने लगाया दोहरा शतक, नए पॉजिटिव केसों से पुलिस परिवार टेंशन में
धनबाद में 7 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इससे पहले 196 केस थे। नए मिलने के साथ ही कुल पॉजिटिव केस की संख्या 201 हो गई है। नए मरीजों में तीन पुलिसकर्मी हैं।
धनबाद, जेएनएन। Coronavirus Dhanbad News Update धनबाद में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। सोमवार देर रात आई रिपोर्ट में सात नए पॉजिटिव केस मिले। इनमें तीन पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसी के साथ यहां कोरोना संक्रमित की संख्या 200 से ऊपर पहुंच गई है। हालांकि सुखद बात यह है कि 129 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना के 60 केस ही एक्टिव हैं। यहां कोरोना वायरस का संक्रमण ने सामुदायिक रूप ले लिया है। एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक लगातार कोरोना पहुंच रहा है। यह बड़ी चिंता की बात है।
7 नए मरीज मिलने के साथ ही कुल पॉजिटिव केस की संख्या 201
सोमवार को 7 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले। इससे पहले 196 केस थे। नए मिलने के साथ ही कुल पॉजिटिव केस की संख्या 201 हो गई है। नए मरीजों में भूली के आजाद नगर की मृत संक्रमित महिला के पति, उनके 28 वर्षीय बेटे और पांच वर्षीय पोती भी पॉजिटिव पाई गई। वहीं, पुलिस लाइन के तीन पुलिसकर्मी संक्रमित मिले हैं। उधर मुनीडीह निवासी बीसीसीएल के कर्मचारी संक्रमित पाए गए। सभी को सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संक्रमण से पुलिस परिवार चिंतित
धनबाद पुलिस लाइन में पुलिसकर्मी रहते हैं। पुलिस लाइन में रहने वाला एक सिपाही पिछले दिनों छुट्टी पर बक्सर गया था। वहां से लाैटने पर जांच हुई तो वह पॉजिटिव निकला। इसके बाद अब तक छह और पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इससे पूरा पुलिस परिवार चिंतित है। पुलिसकर्मियों में अगर कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैला तो यह विधि-व्यवस्था के लिए भी बड़ा संकट हो सकता है। पुलिसकर्मी कोरोना योद्धा के रूप में शुरू से ही काम कर रहे हैं।