रेलवे हॉस्पिटल की चीफ मेट्रोन की रांची में मौत, सफाईकर्मी भी पॉजिटिव
धनबाद रेलवे हॉस्पिटल की चीफ मेट्रोन की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को तबीयत काफी खराब होने के बाद उन्हें रांची रेफर किया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी।
धनबाद : रेलवे हॉस्पिटल की चीफ मेट्रोन की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को तबीयत काफी खराब होने के बाद उन्हें रांची रेफर किया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बुधवार को उनकी स्थिति काफी बिगड़ गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
रेलवे हॉस्पिटल के कर्मचारियों के मुताबिक 51 वर्षीया महिला बरटांड़ पंडित क्लिनिक रोड पर एक फ्लैट में रहती थी। उनके पति बीसीसीएल में हैं। दो बेटी भी है। रेलवे हॉस्पिटल में आइसीयू में लगातार ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान धीरे-धीरे उनकी तबीयत बिगड़ती गई। वे फेफड़े की बीमारी से भी जूझ रही थीं। हल्का बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ हो रही थीं। रेलवे हॉस्पिटल में प्रारंभिक इलाज के बाद सोमवार को उन्हें रांची में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उनके पति व एक बेटी भी साथ गई थीं। रांची में हुई टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। मृतका के परिजनों ने ही रेलवे हॉस्पिटल को सूचना दी। इसके बाद धनबाद में रह रही उनकी दूसरी बेटी का भी स्वाब लिया गया।
दूसरी ओर, रेलवे हॉस्पिटल के एक सफाई कर्मचारी भी पॉजिटिव पाया गया है। बुधवार को उसकी रिपोर्ट आने के बाद उसे कोविड हॉस्पिटल भेज दिया गया।
हम साथ आइसीयू में काम करते थे, विश्वास नहीं हो रहा कि दीदी अब नहीं है
धनबाद : मृतका के साथ काम करने वाली भिस्तीपाड़ा निवासी रेलवे हॉस्पिटल की नर्स का कहना है कि हम दोनों साथ आइसीयू में काम करते थे। घटना की जानकारी मिली तो है पर अब भी भरोसा नहीं हो रहा है कि दीदी अब नहीं हैं। उनके न होने की कमी हॉस्पिटल में खलेगी। आइसोलेशन वार्ड के मरीजों की भी की थी देखभाल
धनबाद : आइसीयू के साथ-साथ रेलवे हॉस्पिटल के कोविड 19 आइसोलेशन वार्ड में भी उन्होंने मरीजों की देखभाल की थी। लगातार ड्यूटी की वजह से अपने सहकर्मियों से कमजोरी की शिकायत भी करती थीं। हालांकि इसके बाद भी ड्यूटी करती रहीं।