प्रसव के बाद पॉजिटिव आई महिला की जांच रिपोर्ट, एक दर्जन डॉक्टर व कर्मचारी आइसोलेट
धनबाद टुंडी के पलमा मनियाडीह निवासी एक प्रसूता की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पीएमसीएच में संक्रमण की आशंका बढ़ गई है।
धनबाद : टुंडी के पलमा मनियाडीह निवासी एक प्रसूता की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पीएमसीएच में संक्रमण की आशंका बढ़ गई है। महिला के प्रसव के बाद कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर व कर्मचारियों व मरीजों में खलबली मच गई है। महिला को सीजर करके प्रसव कराने वाले एक दर्जन डॉक्टर और कर्मचारी आनन-फानन में आइसोलेट हो गए। गुरुवार शाम तक सभी अपनी-अपनी जांच करवाते रहे। 4 जुलाई को हुआ प्रसव, पांच की शाम आई रिपोर्ट : बताया जाता है प्रसव पीड़ा के बाद महिला को तीन जुलाई को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। चार जुलाई को सुबह उसकी कोरोना वायरस की जांच कराई गई। लेकिन शाम में ही उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे लेबर रूम में ले जाकर सीजर से प्रसव कराया। इसमें तीन डॉक्टर सहित 7-8 कर्मचारी शामिल हैं। प्रसव के बाद महिला को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। इधर पांच जुलाई की शाम को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसके बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। एंबुलेंस के इंतजार में दिन भर मरीजों के साथ पड़ी रही संक्रमित :
संक्रमण की शिकार महिला को लेकर पीएमसीएच और स्वास्थ्य विभाग का रवैया उदासीन रहा। पांच जुलाई की शाम को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रात भर और 6 जुलाई को दोपहर तक वह महिला वार्ड में रही। इससे वार्ड में भर्ती अन्य महिलाओं में भी संक्रमण की आशंका फैल गई। इसे लेकर अस्पताल के कर्मचारियों और नर्सों ने विरोध शुरू कर दिया। इसकी शिकायत अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार चौधरी से की। इसके बाद एंबुलेंस बुलाया गया, लेकिन दोपहर बाद एंबुलेंस पीएमसीएच पहुंचा। तब जाकर उसे कोविड अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। 150 लोग आए संक्रमण की जद में : संक्रमित प्रसूता के संपर्क में लगभग डेढ़ सौ लोग आए। इसमें एक दर्जन डॉक्टर कर्मचारी सहित सौ के आसपास मरीज हैं। गांव के भी कई लोग हैं। नवजात बच्ची की भी जांच की जा रही है। महिला कोरोना वायरस से संक्रमित कैसे हुई यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
.............. प्रसव के बाद स्त्री एवं प्रसूति विभाग में एक महिला संक्रमित पाई गई है। इसको लेकर संबंधित विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं। महिला को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डॉ. अरुण कुमार चौधरी, अधीक्षक, पीएमसीएच धनबाद।