खुलेंगी बीज-खाद दुकानें, खेतों में कर सकते किसान काम
धनबाद लॉकडाउन के दौरान खेतों में काम करने की छूट दी गई है। साथ ही कृषि कार्य के लिए बीज एवं खाद दुकानों को खोलने की भी बात है। ऐसे में गेहूं की कटाई शुरू हो गई है।
धनबाद : लॉकडाउन के दौरान खेतों में काम करने की छूट दी गई है। साथ ही कृषि कार्य के लिए बीज एवं खाद दुकानों को खोलने की भी बात है। ऐसे में गेहूं की कटाई शुरू हो गई है। कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों को मूंग समेत अन्य फसल लगाने की सलाह दी है, लेकिन कृषि कार्यो के दौरान शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना अनिवार्य होगा। खेतों में किसान कम से कम एक दूसरे से छह फीट की दूरी बनाकर काम करेंगे। जिला कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. आदर्श श्रीवास्तव ने बताया कि गेहूं कटाई के बाद किसान अपने खेतों में मूंग की सफल लगा सकते हैं। जो किसान ओल यानी सूरन की खेती करना चाहते हैं वे खेतों में गड्ढा बनाकर छोड़ सकते हैं। इसके अलावा नेनूआ, करेला की भी खेती की जा सकती है। जहां सिंचाई की सुविधा है, वहां के किसान मकई की भी बुआई कर सकते हैं। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य सरकार ने खाद, बीज, कीटनाशक समेत खेती से संबंधित दुकानों को खोलने का आदेश दिया है। इसके अलावा कृषि कार्य में उपयोग होने वाली मशीनों का भी संचालन किया जा सकता है। इधर जिला सहकारिता पदाधिकारी अफ्रेम जार्ज कुजूर ने बताया कि सरकारी स्तर पर बीज एवं खाद का वितरण पैक्स एवं लैंपस के माध्यम से किया जाएगा। जल्दी ही वितरण का कार्य शुरू होगा।