Cooch Behar Trophy 2019-20 : पहले दिन ही गुजरात ने कसा शिकंजा, झारखंड की टीम चायकाल से पहले ही 219 रनों पर आउट
Cooch Behar Trophy 2019-20 झारखंड की टीम कूचबिहार ट्रॉफी के 4 दिवसीय मैच के पहले दिन दबाव में आ गई। गुजरात ने चायकाल से पहले ही झारखंड को 219 रन पर आउट कर दिया।
धनबाद, जेएनएन। Cooch Behar Trophy 2019-20 बल्लेबाजों के लापरवाही भरे रवैये की वजह से झारखंड की टीम कूचबिहार ट्रॉफी के चार दिवसीय मैच के पहले दिन ही गुजरात के खिलाफ दबाव में आ गई है। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम चायकाल के पहले ही 219 रनों पर आउट हो गई। दिन का खेल समाप्त होने तक गुजरात ने एक विकेट पर 102 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
झारखंड का पहला झटका आर्यन हुडा के रूप में 31 के स्कोर पर लगा। इसके बाद झारखंड के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर पवेलियन लौटते रहे। लंच तक झारखंड की टीम 128 रनों पर अपने चार महत्वपूर्ण विकेट गंवा चुकी थी। भोजन के बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और टीम 219 रनों पर निपट गई। ओपनर अरविंद कुमार ने 44, हर्ष राणा ने 40, मनीषी सिंह ने 32, राजन दीप सिंह ने 39, सत्य सेतु ने 23 और शुभम सिंह ने 21 रन जोड़े। गुजरात के सरल प्रजापति ने 64 पर चार विकेट चटकाए। इसके अलावा चिन्मय पटेल ने 42 पर दो और आर्य राठौड़ ने तीन रन पर दो विकेट चटकाए।
गुजरात के ओपनर आर्यदेव सिंह वघेला (22) को मनीषी ने सत्य सेतु के हाथों लपकवाया। स्टंप के समय आर्य देसाई 53 और प्रियेश 19 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। अब झारखंड को मैच के दूसरे दिन अपने गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाज आर्यमन लाला, कप्तान साहिल राज से भी टीम को काफी उम्मीद है। पहले दिन गुजरात को इकलौता झटका देने वाले मनीषी सिंह पर सभी की नजर होगी। मनीषी ने बल्ले से भी 32 रनों का योगदान दिया।
मैच शुरू होने के पहले टाटा स्टील झरिया डिवीजन के महाप्रबंधक संजय रजौरिया ने दोनों टीमों के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाडिय़ों को प्रेरित किया और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर धनबाद क्रिकेट संघ के महासचिव विनय कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष उत्तम विश्वास, संयुक्त सचिव बाल शंकर झा, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, मैच रेफरी रजनी बासनेट कलिता, अंपायर दुर्गा दास दत्ता व एमएम श्रीनिवासरंगन, एंटी करप्शन लाइजनिंग ऑफिसर युगेश कुमार सिंह, ओपी राय, द्वारिका तिवारी आदि उपस्थित थे।