अवैध संबंध का पत्नी करती थी विरोध तो जवान ने पुलिस लाइन में लगा ली फांसी
गिरिडीह जिला पुलिस के जवान राजू एक्का ने पुलिस लाइन स्थित अपने आवास में बुधवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जाता है कि जवान मूल रूप से हजारीबाग जिले के बरही का रहनेवाला था।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह/धनबाद: गिरिडीह जिला पुलिस के जवान राजू एक्का ने पुलिस लाइन स्थित अपने आवास में बुधवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जाता है कि जवान मूल रूप से हजारीबाग जिले के बरही का रहनेवाला था। गिरिडीह पुलिस लाइन में वह अपने पूरे परिवार के साथ रहता था। आत्महत्या की सूचना मिलने पर गुरुवार की सुबह मुफस्सिल थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर मौके पर पहुंचे। इस दौरान मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अवैध संबंध के कारण पति-पत्नी के रिश्ते में थी दरार: बताया जाता है कि राजू एक्का का किसी और महिला के साथ अवैध संबंध था। इसका उसकी पत्नी विरोध करती थी। आस-पड़ोस के लोग बताते हैं कि इस वजह से परिवार में हमेशा कलह होते रहती थी। पति-पत्नी के रिश्ते में भी दरार आ गई थी। बताया जाता है कि गुरुवार की रात भी दंपती में विवाद हुआ और इसके कारण जवान ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।