Dhanbad Municipal Corporation Election : निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस गंभीर, सभी पदों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी
धनबाद जिलाध्यक्ष ने कहा कि आगामी सभी चुनावों के लिए कांग्रेस गंभीर है। नगर निगम में मेयर डिप्टी मेयर वार्ड पंचायत व जिला परिषद् चुनाव में कांग्रेस मजबूत प्रत्याशी उतारेगी।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Municipal Corporation Election धनबाद नगर निगम चुनाव में अभी समय है, लेकिन इसको लेकर अभी से तैयारियां शुरू हो चुकी है। निगम चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस काफी गंभीर है। सोमवार को नगर निगम, पंचायत एवं जिला परिषद् चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी प्रखंड-नगर अध्यक्ष एवं सभी मंच-मोर्चा के अध्यक्ष उपस्थित हुए।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि आगामी सभी चुनावों के लिए जिला कांग्रेस गंभीर है। नगर निगम में मेयर, डिप्टी मेयर, वार्ड, पंचायत व जिला परिषद् चुनाव में कांग्रेस मजबूत प्रत्याशी उतारेगी। लगभग 15 दिन बाद कांग्रेस सभी वार्डों में संभावित एवं चिह्नित प्रत्याशियों के साथ बैठककर चुनावी रणनीति बनाएगी। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया। सभी को तैयारी के साथ जुट जाने का निर्देश दिया।