कांग्रेस समर्थकों ने बरारी में भाजपा प्रचार वाहन के पोस्टर फाड़े, पीएम मोदी को भी कहा अपशब्द Dhanbad News
जोड़ापोखर में भाजपा के एलइडी प्रचार वाहन के पीछे लगे पोस्टर को शरारती तत्वों ने फाड़ दिया। साथ ही धमकी दी कि दोबारा बरारी में भाजपा की प्रचार वाहन नहीं लाये।
धनबाद, जेएनएन। जोड़ापोखर के बरारी सरकारी स्कूल के समीप बुधवार की शाम भाजपा के एलइडी प्रचार वाहन के पीछे लगे पोस्टर को दर्जनों कांग्रेस समर्थकों व शरारती तत्वों ने फाड़ दिया। इससे क्षेत्र का माहौल गर्म हो गया। इसकी सूचना पाकर मनीष सिंह व कई भाजपा समर्थक मौके पर पहुंचे। जोड़ापोखर पुलिस भी पहुंच गयी।
पुलिस ने आक्रोशित भाजपाइयों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस प्रचार वाहन को थाने लेकर चली गई। थाना में भी भाजपा समर्थकों की काफी भीड़ जुट गई। इस दौरान भारत माता की जय, जयश्री राम के नारे लगे। चुनाव प्रभारी विष्णु शंकर त्रिपाठी ने जोड़ापोखर थाना में लिखित शिकायत की गई है।
शरारती युवक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे
त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी रागिनी सिंह का प्रचार वाहन लेकर तीन बजे अमित मंडल चालक बरारी स्कूल के समीप पहुंचा। यहां कांग्रेस का पट्टा सिर में लगाये युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहते हुए पोस्टर को फाड़ दिया। साथ ही धमकी दी कि दोबारा बरारी में भाजपा की प्रचार वाहन नहीं लाये। थाना पहुंचे मनीष सिंह व विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
जांच के बाद दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई : जोड़ापोखर थाना प्रभारी सत्यम कुमार ने कहा कि बरारी में शरारती तत्वों ने भाजपा के प्रचार वाहन के पीछे लगे बैनर-पोस्टर को फाड़ा है। वाहन पर किसी प्रकार का हमला या पथराव नहीं किया गया है। लिखित शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।