HURL की सिंदरी इकाई में रोजगार के लिए मासस का आंदोलन जारी, कांग्रेस ने दिया समर्थन Dhanbad News
हर्ल प्रबंधन से कहा कि रोजगार के मामले में भेदभाव नहीं होना चाहिए।17 दिनों से मासस का आंदोलन चल रहा है। प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि आंदोलनकारियों से बात करके समस्या का समाधान करें।
सिंदरी, जेएनएन। स्थानीय को रोजगार, हर्ल के मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी, शिक्षा, चिकित्सा आदि मांगों को लेकर हर्ल प्रबंधन के खिलाफ मासस के आंदोलन को कांग्रेस ने भी अपना समर्थन दिया। कांग्रेस नेता जिप सदस्य अशोक कुमार सिंह शुक्रवार शाम मासस के आंदोलन स्थल कारखाना के प्रवेश द्वार पर पहुंचकर धरना में बैठे आंदोलनकारियों के प्रति कांग्रेस के समर्थन का ऐलान किया।
हर्ल प्रबंधन से कहा कि रोजगार के मामले में भेदभाव नहीं होना चाहिए। 17 दिनों से मासस का आंदोलन चल रहा है। प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि आंदोलनकारियों से बात करके समस्या का समाधान करें। ऐसा नहीं हुआ तो आगे कांग्रेस व मासस मिलकर आंदोलन करेगी। कांग्रेस के जिला सचिव दिलीप मिश्रा ने कहा कि निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में रोजगार के लिए आंदोलन का लंबा खिंचना चिंता का विषय है। अमर तिवारी ने कहा कि कैसी विडम्बना है कि आंदोलनकारियों को काम दो नही तो कारा दो का नारा बुलंद करना पड़ा है। मौके पर मासस के बबलू महतो, नगर अध्यक्ष अशोक महतो, सुरेश प्रसाद थे।