ढुलू का साथ छोड़ 175 मजदूरों ने थामा कांग्रेस का हाथ, जलेश्वर बोलें- बाघमारा के रंगदारों की जगह अब लाल घर Dhanbad News
भाजपा विधायक ढुलू महतो का साथ छोड़ 175 मजदूरों ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। कांग्रेस नेता जलेश्वर ने कहा कि बाघमारा के रंगदारों की जगह अब लाल घर होगा। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है
धनबाद, जेएनएन। बाघमारा में किसी की भी रंगदारी चलने वाली नहीं है। रंगदारों के खिलाफ चौतरफा शिकंजा कसने की तैयारी हो गई है। रंगदारों की जगह लाल घर होगी। यह बातें कांग्रेस नेता जलेश्वर महतो ने गुरुवार को बेनीडीह साइडिंग में सेल पीकिंग मजदूरों की सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा बरोरा क्षेत्र के बेनीडीह लिंक तथा ब्लॉक दो के मेन व केशरगढ़ साइडिंग के सेल पीकिंग मजदूरों की ओर से की गई थी। जिसमें तीनों साइडिंग के करीब 175 मजदूरों ने विधायक ढुलू महतो का साथ छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की।
इस दौरान कांग्रेस नेता ने कहा कि बाघमारा क्षेत्र के सभी लोकल सेल, कोकरीज, साइडिंगों, आउटसोर्सिंग कंपनियों पर लोग भयमुक्त होकर काम करें। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में कब्जा जमाए लोगों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। वे भी रंगदारी के खिलाफ लड़ने को तैयार हैं। मजदूर लड़ने के लिए एकजुट हो जाएं। भाजपा विधायक पर इशारों में वार करते हुए कहा कि वे टाइगर के मुंह में हाथ देने के लिये तैयार हैं। जलेश्वर ने कहा कि विधायक के इशारे पर यहां के मजदूरों का वेतन काटा जा रहा है।
मजदूरों ने जलेश्वर से कहा कि कंपनी घाटा दिखाकर पिछले कई साल से उनका वेतन काट ले रही है। इसपर उन्होंने कहा कि देश के संविधान में यह नियम नहीं है कि किसी कंपनी को घाटा होने पर मजदूरों के वेतन को कम किया जाय। मजदूरों से आह्वान किया कि वे किसी के बहकावे में नहीं आये। हाई पावर कमेटी द्वारा निर्धारित वेतन जो मजदूरों को मिल रहा था उसे फिर से दिलाया जायेगा। सभा के दौरान तीनों साइडिंगो के 292 में करीब 175 मजदूर उपस्थित हुए।