इंदिरा की जयंती पर कांग्रेस ने किया एएसआइ ममता कुमारी को सम्मानित
देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरायढेला थाने की एएसआइ ममता कुमारी को सम्मानित किया।
जागरण संवाददाता, धनबाद: देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरायढेला थाने की एएसआइ ममता कुमारी को सम्मानित किया। पार्टी नेताओं ने एएसआइ को धनबाद की आयरन लेडी का दर्जा देते हुए कहा कि ममता कुमारी ने बगैर सत्ताधारी पार्टी के दबाव में आए पूरी ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया चेयरमैन मयूर शेखर झा ने कहा कि भाजपा सरकार के सामने बिना झुके अपने पद की गरिमा बचाए रखने के लिए एएसआइ ने अपनी बर्खास्तगी तक की मांग कर दी। उनका यह कदम सराहनीय है। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अभिजीत राज ने कहा कि इस प्रकरण से यह साबित हुआ है कि प्रशासन बिना दबाव में आए निष्पक्ष काम करे तो सच्चाई को जीतने से कोई रोक नहीं सकता। मालूम हो कि एएसआइ ममता ने मनईटांड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष के पुत्र व भतीजे द्वारा बदसलूकी किए जाने पर पार्टी व विभागीय पदाधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
मौके पर ओबीसी जिलाध्यक्ष मनोज यादव, पार्टी के चंदनकियारी प्रभारी पप्पू पासवान, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह जोगी, सोशल मीडिया जोनल प्रभारी गजेंद्र सिंह, सोशल मीडिया जिला कोऑर्डिनेटर प्रमुख बबलू दास आदि मौजूद रहे।