नदी में स्नान कर रहीं महिलाओं के साथ Cyber Criminals ने की गंदी हरकत, देवघर पुलिस की सक्रियता से छठ पर टला सांप्रदायिक तनाव
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बगल गांव के साइबर अपराधी अक्सर नदी के किनारे बैठकर ठगी करते है। महिलाएं उक्त जगह स्नान करतीं हैं। आज छठ को लेकर महिलाएं घाट पर नहाने गई थीं। साइबर अपराधियों ने बदमाशी की।
संवाद सहयोगी,सारठ (देवघर)। छठ पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों के चलते दो समुदाय के बीच उभरे विवाद पुलिस के तत्परता से टल गया। देवघर जिले के पथरड्डा थाना के डुमरिया गांव की छठ व्रती महिलाएं पतरो नदी नहाने गई थीं। महिलाएं नदी में स्नान कर रही थी। नदी के किनारे ही बारा पंसारी गांव के कुछ असामाजिक तत्व के युवक बैठे थे। युवकों के हरकत से महिलाओं ने उन्हें वहां से हट जाने के लिए कहा। लेकिन युवक नहीं हटे। इसके बाद डुमरिया गांव के लोगों ने पहुंचकर विरोध किया। जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते गाली-गलौज व पथराव होने लगा और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर एसडीपीओ धीरेंद्र नारायण बंका, सारठ थाना प्रभारी करुणा सिंह, पथरडा थाना प्रभारी चन्दन पांडे, एएसआई विजय किशोर सिंह समेत अन्य पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को संभाल लिया।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बगल गांव के साइबर अपराधी अक्सर नदी के किनारे बैठकर ठगी करते है। महिलाएं उक्त जगह स्नान करती है। आज छठ को लेकर महिलाएं उक्त घाट पर नहाने गई थी और इन युवकों ने बदमाशी की। इसी बीच सूचना पाकर विधायक रणधीर सिंह डुमरिया गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने इस घटना की निंदा की। उन्होंने वरीय अधिकारियों से बात कर मामले की गंभीरता से जांच करते हुए असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। वहीं पूर्व विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने भी घटना की जानकारी ली तथा विवाद सुलझाने को लेकर पहल किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना बुलाकर समझा बुझाकर आपस में सुलह कराया।