कोचिंग के लिए घर से निकली कॉलेज छात्रा की मिली लाश, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस की तलाशी के दौरान मृतका के पास से भूली के शक्ति मार्केट के एक कंप्यूटर इंस्टीट्यूट की रसीद मिली। उसी के आधार पर उसकी पहचान हुई।
राजगंज, जेएनएन। 24 घंटे से लापता ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के धारजोरी बस्ती की 18 वर्षीय इंटर छात्रा विशाखा कुमारी की आखिरकार लाश ही घर पहुंची। उसका शव रविवार सुबह रहस्यमय स्थिति में राजगंज - तेतुलमारी मार्ग पर पहाड़पुर में बने यात्री शेड से बरामद किया गया। आशंका व्यक्त की जा रही है उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को वहां रख दिया गया।
विशाखा शनिवार से गायब थी। तलाशी के दौरान मृतका के पास से भूली के शक्ति मार्केट के एक कंप्यूटर इंस्टीट्यूट की रसीद मिली। उसी के आधार पर उसकी पहचान हुई। फिलहाल मामले में चौकीदार के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
हत्या का सुराग पाने के लिए पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद ली। मृतका का कपड़ा सूंघ कर खोजी कुत्ता करीब एक सौ फीट दूर तिलाटांड़ पहाड़ी के जंगल में गया। वहां झाड़ी में विशाखा की चप्पल, कान की बाली, जहर की शीशी, कोल्ड ड्रिंक व पानी की बोतल, पर्स, सिंदूर की पुडिय़ा और रेलवे टिकट पड़ा मिला। युवती का मोबाइल और बैग नहीं मिला।
शनिवार से थी गायब : विशाखा एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में इंटर (कला) की छात्रा थी। 15 मई को वह अपने मामा के घर प्रधानखंता के जगदीश गांव गई थी। शनिवार को वह अपनी मामी के साथ ट्रेन से धनबाद आई। मामी सब्जी बेचने के लिए रुक गई वहीं विशाखा ने कहा कि उसे कोचिंग के लिए भूली जाना है। इसके बाद वह निकल गई। इधर शनिवार दोपहर तक वह अपने घर नही पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। देर रात तक उसका पता नहीं चला। सुबह उसका शव घर से करीब पांच किलोमीटर दूर यात्री शेड में मिला। छात्रा किन परिस्थितियों में पहाड़पुर पहुंची और उसके पास से सिंदूर की पुडिय़ा की बरामदगी मामले को रहस्यमयी बना रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप