यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोयला सचिव ने मुनिडीह खदान का किया औचक निरीक्षण, झरिया मास्टर प्लान की भी ली जानकारी
कोयला सचिव ने बीसीसीएल की मुनिडीह खदान का औचक निरीक्षण किया। वे ऐना अग्नि प्रभावित क्षेत्र भी पहुंचे और क्षेत्र ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद: कोयला सचिव अमृत लाल मीना शनिवार को बीसीसीएल की मुनिडीह खदान का निरीक्षण करने के लिए दौरा किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि मुनीडीह माइंस की सुरक्षा-व्यवस्था काफी अच्छी है लेकिन इसे और बेहतर कैसे किया जा सकता है, इसके लिए काम करने की जरूरत है। उन्होंने कोयला उत्पादन और डिस्पैच को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिया।
अग्नि प्रभावित क्षेत्र के लोगों से मिले कोयला सचिव
कोयला सचिव मीणा शुक्रवार को धनबाद दौरे पर पहुंचे। उन्होंने ऐना अग्नि प्रभावित क्षेत्र पहुंच कर क्षेत्र का मुआयना किया। अधिकारियों से कहा कि खतरनाक क्षेत्र में रह रहे लोगों को तुरंत शिफ्ट करने की जरूरत है।उन्हें कैसे शिफ्ट कराया जाए इसे लेकर पहल करने की जरूरत है। अधिकारियों ने कहा कि जब लोग शिफ्ट होंगे तभी कोयला खनन करने में आसानी होगी। सभी पहलुओं को समझने के लिए कोयला सचिव दो दिवसीय दौरे पर धनबाद आएं हैं। कोयला सचिव झरिया मास्टर प्लान को लेकर धरातल पर की जा रही गतिविधियों की जानकारी लेने पहुंचे।
झरिया मास्टर प्लान की ली जानकारी
बीसीसीएल सीएमडी समीरन दत्ता ने बीसीसीएल द्वारा झरिया मास्टर प्लान द्वारा किए गए कार्यों को लेकर कोयला सचिव को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हम लोगों को शिफ्ट करने की दिशा में काम किया जा रहा है।बीसीसीएल ने अब तक 42 सौ लोगों को शिफ्ट किया है, जबकि झरिया पुनर्वास के तहत 26 सौ परिवार शामिल है। झरिया मास्टर प्लान के साथ रैयत और अवैध कब्जा धारी को मिलाकर एक लाख चार हजार परिवार को शिफ्ट करना है।
अधिकारियों के साथ की बैठक
निरीक्षण करने के बाद कोयला सचिव ने झरिया मास्टर प्लान अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम कोयला सचिव को वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। कोयला सचिव झरिया क्षेत्र में कोयला भंडार को लेकर भी जानकारी ली।
