केंद्रीय मंत्री ने कोल कंपनियों के प्रयासों का सराहा, कहा- हमारे 'वारियर्स' कोरोना के खिलाफ जंग जरूर जीतेंगे Dhanbad News
COVID-19 को रोकने के लिए कोल इंडिया व अनुषंगी कंपनियों ने करीब 3.3 लाख मास्क बांटे हैं। मुझे यकीन है कि हमारी छोटी-बड़ी कोशिशों से कोरोना हारेगा और मानवता जीतेगी।
धनबाद, जेएनएन। कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कोरोना से जंग में कोल इंडिया व उसकी अनुषंगी कंपनियों को पूरी तन्मयता से जुड़ने को कहा है। वे शुक्रवार को अधिकारियों के साथ वीडियो संवाद के जरिए जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने सभी अनुषंगी कंपनियों के अधिकारियों से अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी ली। वीडियो संवाद में बीसीसीएल के कार्मिक निदेशक आरएस महापात्रा और केंद्रीय अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके गुप्ता माैजूद थे।
डीपी ने मंत्री तो केंद्रीय अस्पताल के कोविड-19 हॉस्पिटल घोषित होने व कोरोना से जंग में धनबाद में प्रमुख भूमिका निभाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीसीसीएल जिला पुलिस के साथ मिलकर जिले भर में 40 से अधिक थानों में कम्यूनिटी किचेन चला रही है। नगर निगम के साथ मिलकर पूरे शहर व कॉलोनियों को सैनिटाइज करवा रही है। सभी ठेका मजदूरों व कर्मियों के बीच 23454 हजार से अधिक मास्क व 1000 लीटर से ऊपर सैनिटाइजर बंटवा चुकी है।
यह कार्य आगे भी जारी है। आम गरीब के बीच 21 हजार पैकेट से अधिक सूखा राशन के पैकेट बंटवाए जा रहे हैं। कंपनी की तैयारी पर मंत्री ने संतोष जाहिर करते हुए कहा कि इसी गति से काम करते रहें। हम कोरोना को जरूर हराएंगे। उन्होंने कोल इंडिया व अनुषंगी कंपनियों के तमाम अधिकारियों व कर्मियों को कोल वारियर की संज्ञा दी व कहा कि यह जंग हम जरूर जीतेंगे।
कोविड-19 से लड़ाई में टीम कोल इंडिया देश के दूर-दराज के क्षेत्रों में इस महामारी से बचने की जागरूकता फैलाने से लेकर स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण तक समन्वय एवं सक्रियता के साथ महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों ने कोयला खदानों और आसपास 3.3 लाख से अधिक मास्क बांटे हैं। मुझे यकीन है कि हमारी छोटी-बड़ी कोशिशों से कोरोना हारेगा और मानवता जीतेगी। -प्रह्लाद जोशी, कोयला मंत्री।