कोल इंडिया की हरित पहल: सभी कंपनियों में ईवी टिपर और कार पूलिंग अनिवार्य
PM Modi के आह्वान पर कोल इंडिया ने ईंधन खपत घटाने के लिए हरित मुहिम शुरू की है। इसके तहत ...और पढ़ें

कोल इंडिया के अधिकारी एक ही कार में साथ-साथ करेंगे सफर। (प्रतीकात्मक फोटो)।
HighLights
कोल इंडिया ने हरित ढुलाई मुहिम शुरू की।
ईवी टिपर और कार पूलिंग अनिवार्य की गई।
ईंधन संरक्षण अब कॉरपोरेट जिम्मेदारी का हिस्सा।
आशीष अंबष्ठ, धनबाद। प्रधानमंत्री Narendra Modi के पेट्रोल-डीजल खपत घटाने के आह्वान पर अमल करते हुए Coal India Limited ने अपने पूरे सिस्टम को हरित दिशा में मोड़ दिया है। सार्वजनिक क्षेत्र की इस सबसे बड़ी कोयला कंपनी ने बुधवार को सभी अनुषंगी कंपनियों के लिए ईवी टिपरों की तैनाती और आधिकारिक कार पूलिंग को अनिवार्य करने की गाइडलाइन जारी कर दी है।
कोल इंडिया के चेयरमैन बी. सायराम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ईंधन संरक्षण अब कॉरपोरेट जिम्मेदारी का हिस्सा है। गाइडलाइन के तहत सभी कंपनियों को तत्काल प्रभाव से इसे लागू करना होगा।
कोल इंडिया के निर्देश के बाद Bharat Coking Coal Limited ने भी कोयला ढुलाई में ईवी टिपरों को बुधवार को ही तुरंत शामिल करने का आदेश जारी कर दिया है। आदेश मिलते ही प्रबंधन हरकत में आ गया है।
साथ ही, मौजूदा ठेकों में ईवी टिपरों को नियमित करने के लिए एसओपी पहले ही जारी हो चुकी है। नए ठेकों में अनुबंध के अध्याय-3 में जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं। बोर्ड की मंजूरी के बाद पूरी योजना सार्वजनिक की जाएगी।
अधिकारियों के लिए कार पूलिंग जरूरी
कोल इंडिया मुख्यालय सहित Bharat Coking Coal Limited, Eastern Coalfields Limited और Central Coalfields Limited ने मुख्यालय, एरिया कार्यालय और खदानों में आने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए दोपहिया, इलेक्ट्रिक वाहन और कार पूलिंग का उपयोग अनिवार्य कर दिया है।
विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि डीजल-पेट्रोल वाहनों का उपयोग समूह में करें और प्राथमिकता ईवी वाहनों को दें। बाकी वाहनों को कॉमन पूल में रखा जाएगा।
ईंधन उपयोग की मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी महाप्रबंधक (ईएंडएम) को दी गई है। सभी एरिया महाप्रबंधकों को अपने क्षेत्र में कार पूलिंग लागू कर सीएमडी सचिवालय को अनुपालन रिपोर्ट भेजनी होगी। वैसे भी पश्चिम एशिया युद्ध के कारण व्यावसायिक डीजल-पेट्रोल की किल्लत से कोल इंडिया जूझ रही है। Bharat Coking Coal Limited में मौजूदा समय में ईवी वाहन संचालित हैं।
प्रधानमंत्री ने देशहित में जो संदेश दिया है, उसका पालन किया जाएगा। कोल इंडिया ऊर्जा उत्पादन के साथ पर्यावरण के प्रति भी जवाबदेह है। ईवी और कार पूलिंग को अपनाकर हम न केवल ईंधन बचाएंगे, बल्कि प्रदूषण भी कम करेंगे। सभी सब्सिडियरी कंपनियों को तय समय में गाइडलाइन लागू करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्हें हर हाल में लागू करना होगा।- बी. साईंराम, चेयरमैन, कोल इंडिया।
