कोल इंडिया के अस्पतालों में भी मिलेगा आयुष्मान का लाभ Dhanbad News
BCCL प्रबंधन केंद्रीय अस्पताल में इसके लिए अलग सेल बनाने जा रहा है। आयुष्मान का आंकड़ा व उन्हें मिलने वाली सुविधा का सारा ब्योरा रखा जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। आयुष्मान भारत योजना का लाभ पब्लिक सेक्टर के अस्पतालों में भी मिलेगा। मिनी रत्न कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड में इसकी तैयारी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने पब्लिक सेक्टर के अस्पतालों को इस योजना से जोडऩे का निर्देश दिया है। धनबाद का केंद्रीय अस्पताल में भी अब आयुष्मान योजना का लाभ मिल सकेगा। केंद्रीय अस्पताल में इस योजना का लाभ देने की तैयारी प्रबंधन ने शुरू कर दी है। सीसीएल के रांची स्थिति गांधी नगर केंद्रीय अस्पताल में यह सुविधा शुरू हो गई है। बेरमो क्षेत्र के ढोरी व डकरा एनके एरिया के रामगढ़ केंद्रीय अस्पताल में भी जल्द ही इसका लाभ मरीज ले सकेंगे। इसकी तैयारी सीसीएल प्रबंधन ने शुरू कर दिया है।
केंद्रीय अस्पताल में होगा अलग सेल : प्रबंधन केंद्रीय अस्पताल में इसके लिए अलग सेल बनाने जा रहा है। आयुष्मान का आंकड़ा व उन्हें मिलने वाली सुविधा का सारा ब्योरा रखा जाएगा। जानकारी के अनुसार यहां डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित अन्य लिपिक स्तर के कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
छोटे रोगों के लिए जियलगोरा में भी व्यवस्था : बीसीसीएल प्रबंधन इस प्रयास में लगा है कि केंद्रीय अस्पताल में पर बेवजह अतिरिक्त भार न पड़े और गरीब तबके के मरीजों को उनके घर के पास ही यह सुविधा उपलब्ध करा दिया जाए। लिहाजा छोटे रोगों के लिए जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल में भी योजना के तहत इलाज की व्यवस्था होगी।
केंद्रीय अस्पताल में आयुष्मान के तहत इलाज होगा। इसकी व्यवस्था हो रही है। बीसीसीएल प्रबंधन ने काम शुरू कर दिया है।
- आरएस महापात्रा, डीपी बीसीसीएल
सीसीएल के रांची केंद्रीय अस्पताल में यह सुविधा दी जा रही है। अब बेरमो के ढोरी केंद्रीय अस्पताल, डकरा एनके एरिया के रामगढ़ केंद्रीय अस्पताल में यह शुरू होगा।
- आर पात्रो, डीपी सीसीएल