मुख्यमंत्री ने कोविड अस्पताल में बदइंतजामी पर लिया संज्ञान, लोगों ने कहा- ऐसे कैसे यहां भर्ती होंगे मरीज
कोविड-19 अस्पताल (सेंट्रल अस्पताल) में सिलेंडर ब्लास्ट में कोरोना मरीज की मौत के बाद बदइंतजामी का एक और नजारा सामने आया है। इसपर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया है।
धनबाद, जेएनएन। कोविड-19 अस्पताल (सेंट्रल अस्पताल) धनबाद में सिलेंडर ब्लास्ट में कोरोना मरीज की मौत के बाद बदइंतजामी का एक और नजारा सामने आया है। दरअसल, एक शख्स ने सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की पोल खोल कर रख दी है। इसपर सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके धनबाद उपायुक्त से मामले पर अविलंब संज्ञान लेते हुए स्थिति में सुधार कर सूचना देने को कहा है।
दीपक कुमार चौधरी नामक शख्स ने अपने ट्विटर हैंडल पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग करते हुए लिखा, "कोविड-19 अस्पताल धनबाद की हालत, आप कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि मरीज यहां भर्ती होने के लिए सहमत होंगे। प्रशासन को दोषियों पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।" इसपर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए स्थिति में सुधार करने का निर्देश दिया है।
.@dc_dhanbad मामले का अविलंब संज्ञान लें एवं स्थिति में सुधार करते हुए सूचना दें। https://t.co/A6aaRbnDHX" rel="nofollow— Hemant Soren (घर में रहें - सुरक्षित रहें) (@HemantSorenJMM) August 2, 2020
"
बता दें कि राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के साथ-साथ सरकार में शामिल कांग्रेस भी कोविड अस्पताल में अव्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर हमलावर है। शुक्रवार को कोविड अस्पताल में मरीज की संदेहास्पद मौत को लेकर कांग्रेस ने भी लापरवाही का आरोप लगाया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि इसमें जो भी दोषी हो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। क्योंकि यह बहुत बड़ी लापरवाही का विषय है। कांग्रेस नेता ने कहा कि ऑक्सीजन ठीक से नहीं लगाने के चलते फट गया और मरीज की मौत हो गई। इसकी जांच होनी चाहिए।