मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति, शीघ्र पूरा होगा बरबेंदिया पुल निर्माण
निरसा-जामताड़ा मार्ग में कर नदी पर आठ वर्षो से अधूरे पड़े बरबेंदिया पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
संस, निरसा: निरसा-जामताड़ा मार्ग में कर नदी पर आठ वर्षो से अधूरे पड़े बरबेंदिया पुल के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को पूर्व मंत्री अपर्णा सेनगुप्ता ने इसकी जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। सेनगुप्ता ने कहा कि पांच अक्टूबर 2018 को निरसा रामकानाली में शहीद सुशांतो सेनगुप्ता के शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री आए थे। उस समय मैंने उन्हें इस संबंध में पत्र सौंपा था। बहुत ही खुशी की बात है कि पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया। इस पुल के निर्माण हो जाने के बाद जामताड़ा व धनबाद के बीच की दूरी 40 -45 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जब वे झारखंड सरकार में मंत्री थीं तब ं बरबेंदिया पुल के लिए मांग की थी। शिलान्यास के बाद कार्य प्रगति पर था। लेकिन, तकनीकी कारणों से बरबेंदिया पुल निर्माण के दौरान पिलर टूट गया और निर्माण कार्य ठप हो गया। अब मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिल गई है, शीघ्र ही फिर निर्माण शुरू हो जाएगा।