नए साल पर मैथन घूमने पहुंच रहे पर्यटक अपने साथ छोड़ जा रहे कचड़ा, मिलिनियम पार्क के आसपास गंदगी का लगा अंबार Dhanbad News
मैथन डैम के आसपास स्वच्छता अभियान की हवा निकल गई है। यहां मिलिनियम पार्क के आसपास गंदगी का अंबार लगा है। नए साल पर मैथन घूमने पहुंचे पर्यटकों ने जमकर कचड़ा फैलाया है।
धनबाद, जेएनएन। एक ओर सरकार गांव से लेकर शहर तक स्वच्छ भारत मिशन चला रही है। इसके तहक गली-मोहल्ले, पार्क समेत गांव को साफ रखने के लिए जागरुकता फैलायी जा रही है। लेकिन, लोग गंदगी फैलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। नये साल पर धनबाद का लोकप्रिय पर्यटन स्थल मैथन डैम घुमने आए में पर्यटकों ने अपने पीछे गंदगी का अंबार छोड़ गए।
मैथन झारखंड व पश्चिम बंगाल के पर्यटकों का पंसदीदा पर्यटन स्थल है। नए साल पर यहां पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ता है। इस साल एक जनवरी से धनबाद व उसके आस-पास के जिले और बंगाल से पर्यटक यहां सैर करने पहुंच रहे हैं। पर्यटक अपने साथ थार्माकॉल के प्लेट, प्लास्टिक के ग्लास, पानी व कोल ड्रिंक्स के बोतल आदि ला रहे हैं और पिकनिक मनाने के बाद ये सब यहीं छोड़ कर चले जा रहे हैं।
पर्यटकों द्वारा इस्तेमाल थर्माकोल, प्लास्टिक, पेपर सहित अन्य सामान मिलिनियम पार्क, फूल बागान के आसपास फैला हुआ है। सफाई नहीं होने से काफी गंदगी है। इससे सैर करने पहुंच रहे दूसरे पर्यटकों को भी असुविधा हो रही है। डीवीसी मैथन डैम डिवीजन अधिकारी पी हलधर ने कहा कि मैथन डैम के आसपास गंदगी की जानकारी मिली है। कूड़ा-कचरा को अविलंब साफ कराया जाएगा। पर्यटकों से डैम परिसर को साफ रखने की अपील है।