Dhanbad Municipal Corporation: दुर्गा पूजा खत्म होते ही छठ महापर्व की तैयारी शुरू, तालाबों की सफाई डीएमसी के सामने बड़ी चुनाैती
धनबाद नगर निगम ने युद्ध स्तर पर सफाई शुरू कर दी है। तालाब की सफाई से लेकर सड़कों की सफाई तेजी से हो रही है। छठ पर्व में अब कुछ दिन शेष है इसलिए तालाबों पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
धनबाद, जेएनएन। दुर्गा पूजा खत्म होते ही धनबाद नगर निगम (DMC) के सामने नई चुनाैती आन पड़ी है। यह चुनाैती है-छठ महापर्व के मद्देनजर शहर के तालाबों की सफाई और घाटों का निर्माण। इसके मद्देनजर मंगलवार से धनबाद शहर के तालाबों की साफ-सफाई शुरू की गई। सफाई का यह अभियान अब छठ महापर्व तक चलेगा।
धनबाद नगर निगम ने युद्ध स्तर पर सफाई शुरू कर दी है। तालाब की सफाई से लेकर सड़कों की सफाई तेजी से हो रही है। छठ पर्व में अब कुछ दिन शेष है, इसलिए तालाबों पर खास ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही दुर्गा पूजा के बाद तालाब और सड़क दोनों कचरे के ढेर से पट गए। मंगलवार को सुबह पांच बजे से ही इनकी सफाई शुरू कर दी गई। कार्यक्रम पदाधिकारी रितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख तालाबों रानी बांध, लोहारकुल्ही, पथराकुल्ही, बरमसिया पंपू तलाब आदि से मूर्तियों के अवशेष निकाले गए। यहां पूजा से पहले सफाई की गई थी, दोबारा गंदगी होने के बाद क्षमता से अधिक कर्मियों को लगाकर कचरा निकाला गया। इसी के साथ सड़कों की भी सफाई पांच बजे से शुरू कर दी गई। रांगटांड़, स्टील गेट, धनसार, बैंक मोड़, पुराना बाजार, मटकुरिया, बरटांड़, श्रमिक चौक अदि इलाकों की सफाई की गई।
रितेश सिंह ने बताया कि लोहारकुल्ही तालाब में सबसे अधिक जलकुंभी थी। यहां 70 फीसद हिस्से से जलकुंभी हटाई जा चुकी है। एक-दो दिन में पूरा तलाबी साफ हो जाएगा।