स्वच्छ धनबाद सुंदर धनबाद मुहिम शुरू, हरे डस्टबिन में गीला व नीले डस्टबिन में डालना है सूखा कचरा
नगर निगम साफ-सफाई को लेकर अब कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ना चाह रहा है। यही कारण है कि निगम क्षेत्र के पांचों अंचल धनबाद छाताटांड़ सिंदरी कतरास और झरिया में साफ सफाई को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है।
धनबाद, जेएनएन : नगर निगम साफ-सफाई को लेकर अब कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ना चाह रहा है। यही कारण है कि निगम क्षेत्र के पांचों अंचल धनबाद, छाताटांड़, सिंदरी, कतरास और झरिया में साफ सफाई को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है। निगम की ओर से स्वच्छ धनबाद सुंदर धनबाद मुहिम चलाई जा रही है। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाली एजेंसी रैमकी के सहयोग से इसकी शुरुआत छाताटांड़ अंचल से हो चुकी है। अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी कुणाल कुमार सिंह के नेतृत्व में हर घर में हरा और नीला डस्टबिन बांटा जा रहा है। हरे में गीला कचरा और नीले में सूखा कचरा रखा जाना है, इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके साथ ही निगम ने एक टोल फ्री नंबर 1800121100220 भी जारी किया है। यहां सफाई व्यवस्था की शिकायत और डस्टबिन के लिए संपर्क किया जा सकता है। यह आयोजन नगर निगम के आओ हाथ बढ़ाएं, धनबाद को स्वच्छ बनाएं कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। इस दौरान वार्ड नंबर 15 में जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों के बीच हरा और नीला डस्टबिन बांटा गया। कार्यपालक पदाधिकारी कुणाल कुमार ने लोगों से अनुरोध किया कि गीला और सूखा कचरा अलग अलग ही डालें। अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। जागरूकता के लिए लोगों के बीच हैंडबिल्स भी बांटे गए।
हरे डस्टबिन में गीला कचरा
इसमें बचा हुआ खाना, फलों के छिलके, सब्जी, खराब फल, सभी तरह के बीज, अंडों के छिलके, नारियल, फूल पत्ते, मीट आदि डालना है।
नीले डस्टबिन में सूखा कचरा
इसमें कपड़ा, प्लास्टिक, गद्दा, बोतल, कंटेनर, झाड़ू, लकड़ी, सभी प्रकार के कागज, टूथब्रश, रैपर, दूध की थैली आदि डालना है।