रंगदारी के सवाल पर खरखरी में भाजपा और झामुमो समर्थकों में भिड़ंत, फायरिंग Dhanbad News
घटना के विरोध में महिलाएं मधुबन थाना का घेराव कर रहीं हैं। महिलाएं सड़क पर लेट गईं हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कई थाना क्षेत्रों की पुलिस को मधुबन में बुलाया गया है।
नावागढ़, जेएनएन। खरखरी बस्ती के समीप निर्माणाधीन फोर लेन सड़क पर रविवार की सुबह बाइक से अवैध कोयला ढुलाई करने वालों से रंगदारी लेने के सवाल पर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। हॉकी स्टिक और लाठियां चलने लगीं। पथराव हुआ। पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। कई राउंड हवाई फायरिंग हुई।
सूचना पाकर मधुबन थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। भाजपा समर्थक वीरेन गोप, बंटी बाउरी और कांग्रेस-झामुमो समर्थक विक्की यादव, सोनू गुप्ता, ललन यादव, शेख रहीम जख्मी हुए हैं। घटना के बाद जख्मी वीरेन को लेकर 50 से अधिक लोग मधुबन थाना पहुंचे और सड़क जाम कर दी। वे आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। कुछ महिलाएं सड़क पर भी लेट गईं। सूचना पाकर पुलिस निरीक्षक रामप्यारे राम, सीओ राजेश कुमार के अलावा खरखरी, महुदा, सोनारडीह, धर्माबांध, बरोरा, बाघमारा, कतरास थाना की पुलिस पहुंची। स्थिति तब और तनावपूूर्ण हो गई जब दूसरे पक्ष के लोग भी घायलों को लेकर पहुंच गए। दोनों पक्ष यहां भी भिडऩे को तैयार थे। एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट व हमले का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
इंस्पेक्टर रामप्यारे ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उनको शांत किया। जख्मी वीरेन गोप व अन्य घायलों को पुलिस इलाज के लिए बाघमारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वीरेन को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। इधर एक पक्ष ने महुदा इंस्पेक्टर पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए वरीय अधिकारियों से शिकायत भी की।
यह है मामला : रविवार की सुबह नावागढ़ सिनेमा हॉल की ओर से खरखरी फोरलेन होते हुए कोयला लदी तीन-चार बाइक महुदा की ओर जा रही थीं। खरखरी बस्ती के कुछ युवकों ने बाइक सवारों को रोक लिया और उनसे पैसे मांगे। बाइक सवारों ने इन्कार किया तो मारपीट होने लगी। तब तक आशाकोठी के लोग खरखरी बस्ती पहुंचे और बाइक सवार युवकों की पिटाई करने वालों से भिड़ गए। इसके बाद मामला भड़क गया। हॉकी स्टिक और लाठियां चलने लगीं। इसके बाद पथराव भी हुआ जिससे स्थिति और विस्फोटक हो गई। इसके बाद कई राउंड हवाई फायरिंग भी हुई।