पीके रॉय कॉलेज में काउंटर क्लर्क से भिड़ा चतुर्थवर्गीय कर्मचारी
शहर के प्रतिष्ठित पीके राय मेमोरियल कॉलेज के एक चतुर्थवर्गीय कर्मचारी की बदसलूकी का सिलसिला लगातार बढ़ते जा रहा है। राजेश सोनी नामक इस कर्मचारी ने कॉलेज परिसर में ही काउंटर क्लर्क भारती साव के साथ बदतमीजी की।
धनबाद, जेएनएन : शहर के प्रतिष्ठित पीके राय मेमोरियल कॉलेज के एक चतुर्थवर्गीय कर्मचारी की बदसलूकी का सिलसिला लगातार बढ़ते जा रहा है। राजेश सोनी नामक इस कर्मचारी ने कॉलेज परिसर में ही काउंटर क्लर्क भारती साव के साथ बदतमीजी की और मारपीट करने पर उतारू हो गया। घटना को लेकर भारती साव ने कॉलेज प्राचार्य डॉ. बीके सिन्हा से शिकायत की है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि राजेश सोनी ने प्राचार्य का नाम लेकर काउंटर क्लर्क से कोई काम जबरन कराने का प्रयास किया था। काउंटर क्लर्क भारती ने उस काम को करने से इन्र कर दिया। इसी बात को लेकर राजेश ने भारती साव को अपशब्द कह दिया। पहले तो दोनों के बीच बहस हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आसपास के कर्मचारियों ने बीच बचाव करते हुए दोनों को अलग किया। घटना को लेकर साव ने बताया कि सोनी आए दिन कर्मचारियों से बदसलूकी किया करता है। राजेश सोनी चतुर्थवर्गीय कर्मचारी है, लेकिन उसका व्यवहार एक अधिकारी नुमा रहता है। अपने से वरीय कर्मचारियों के साथ वह ठीक से पेश नहीं आता। उसकी इन हरकतों से कॉलेज के सभी कर्मचारी परेशान हैं। भारती शावर विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के सचिव हैं। उन्होंने इस मामले को लेकर प्राचार्य के साथ अपने संगठन के वरीय अधिकारियों को भी जानकारी दी है। इधर राजेश सोनी ने ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है।