Happy Christmas 2019: कोयलांचल में क्रिसमस की धूम, सांता बन मस्ती करते दिखे बच्चे
कोयलांचल में क्रिसमस की धूम है। ईसा मसीह के जन्म दिवस की खुशी में आधी रात 12 बजे के बाद गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना की गई। कैरोल गाए गए।
धनबाद, जेएनएन। कोयलांचल में क्रिसमस की धूम है। ईसा मसीह के जन्म दिवस की खुशी में आधी रात 12 बजे के बाद गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना की गई। कैरोल गाए गए। बुधवार की सुबह धनबाद के दोनों प्रमुख चर्च संत मेरी और संत एंथोनी में इसाई समुदाय के लोगों के साथ-साथ आम जनों, युवाओं एवं युवतियों की भीड़ जुटी। प्रभु यीशु के जन्म से संबंधित बनायी गई झांकी को देखा और क्रास, माता मरियम व प्रभु यीशु के समझ मोमबत्ती जलाकर उनके आगमन का स्वागत किया। इससे पूर्व दोनों चर्चों में प्रार्थना सभा का अयोजन किया गया।
संत एंथोनी में फादर ज्ञान प्रकाश टोपनो और संत मेरी चर्च में रेवरेंट थामस बाजराय ने प्रभु के धरती पर आगमन का संदेश पढ़ा। उन्होनें बताया कि प्रभी यीशु धरती पर प्रेम, सद्भाव और शांति का संदेश लेकर आए थे। दूसरी तरफ क्रिसमस पर सांता क्लॉज का भी क्रेज देखने को मिल रहा है। शहर के प्रमुख मॉल और बाजार में सांता का रूप धरे लोग चॉकलेट बांटते नजर आए। सांता बन बच्चे मस्ती करते दिखे। दोनों चर्चों के आसपास मेला सा नजारा दिखा। कैंडल, केक, बैंड, गिफ्ट आइटम की छोटी दुकानों के अलाव बच्चों के लिए झूले तथा अन्य मनोरंजन के स्टॉल लगाए गए हैं।