Dumka Gang Misdeed & Murder Case: विरोध में आदिवासी छात्रों ने मुख्यमंत्री का फूंका पुतला, पोस्टमार्टम के बाद शव के साथ धरना-प्रदर्शन
दुमका के रामगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को पांचवीं कक्षा की आदिवासी छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला दबा कर हत्या कर दी गई। छात्रा बगल के गांव से ट्यूशन पढऩे के बाद घर आ रही थी। इसी दाैरान किशोरी के साथ दरिंदगी हुई।
दुमका, जेएनएन। रामगढ़ में पांचवीं कक्षा की आदिवासी छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या को लेकर दुमका उबल रहा है। शनिवार को दोषियों को फांसी देने की मांग को लेकर एसपी कालेज आदिवासी छात्र संघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इसके बाद छात्र प्रशासन से आदिवासी छात्रा का शव लेकर शहर के फूलो-झानौ चाैक पर धरने पर बैठ गए। पोस्टमार्टम के बाद शव को ले जाया जा रहा था। इसी दाैरान छात्रों ने शव वाहन को रोक लिया। इसके बाद धरना शुरू हुआ। धरना में छात्रा के स्वजन भी भाग ले रहे हैं। सभी पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं।
क्या है मामला
दुमका जिले के रामगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को पांचवीं कक्षा की आदिवासी छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला दबा कर हत्या कर दी गई। छात्रा बगल के गांव से ट्यूशन पढऩे के बाद घर आ रही थी। इसी बीच शुक्रवार सुबह 10 बजे किशोरी के साथ दरिंदगी हुई। शुक्रवार दोपहर किशोरी का शव सड़क से कुछ दूरी पर झाड़ी में मिला। घटनास्थल से पुलिस को खून से सने कपड़े, छात्रा की चप्पल, हेयर बेल्ट, गुलेल समेत कई सामान मिले हैैं।
उधर, घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। अब तक पुलिस दोषियों को चिन्हित भी नहीं कर सकी है। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर संज्ञान लेते हुए पुलिस को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए हैैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ थानेदार राजीव प्रकाश को निलंबित कर दिया गया है।
घटना की सूचना पाकर जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिमेष नथानी ने मौके का मुआयना किया। शाम में एसपी अंबर लकड़ा ने भी रामगढ़ थाना जाकर जानकारी ली। पुलिस खोजी कुत्ते की भी मदद ले रही है। इस दौरान पुलिस के समक्ष भी घटना से नाराज ग्रामीणों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया।
सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। पुलिस सारे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान कर रही है। दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा। उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
अंबर लकड़ा, पुलिस अधीक्षक, दुमका।