Jharkhand by-election: भाई बसंत को दुमका के चुनावी अखाड़े में उतारने के बाद मुख्यमंत्री ने किया जीत का दावा, कहा-भाजपा के पास मुद्दा नहीं
दुमका विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे के कारण उपचुनाव हो रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने भाई बंसत सोरेन को अपनी पार्टी-झामुमो से प्रत्याशी बनाया है। बसंत ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। नामांकन कराने के लिए मुख्यमंत्री रांची से दुमका पहुंचे थे।
दुमका, जेएनएन। खुद की प्रतिष्ठा से जुड़ा दुमका विधानसभा उपचुनाव के अखाड़े में अपने छोटे भाई बसंत सोरेन को उतारने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि दुमका के साथ ही बेरमो विधानसभा उपचुनाव में भी झामुमो महागठबंधन की जीत होगी। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उपचुनाव में महागठबंधन एकजुट होकर विपक्ष के प्रत्याशियों को धुल चटाएगा। दुमका से झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन और बेरमो से कांग्रेस प्रत्याशी जयमंगल सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
दुमका विधानसभा उपचुनाव पर सबकी निगाह
दुमका विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे के कारण उपचुनाव हो रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने भाई बंसत सोरेन को अपनी पार्टी-झामुमो से प्रत्याशी बनाया है। बसंत ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। नामांकन कराने के लिए मुख्यमंत्री रांची से दुमका पहुंचे थे। नामांकन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि दुमका उपचुनाव पर सबकी निगाह है। नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है और दुमका से झामुमो के प्रत्याशी बसंत सोरेन और बेरमो से जयमंगल सिंह कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। कहा कि दुमका में झामुमो के प्रत्याशी बसंत सोरेन ने नामांकन पर्चा दाखिल कर चुके हैं और उन्हें पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन और महागठबंधन के साथ कांग्रेस और राजद का आशीर्वाद है। कहा कि दुमका में पार्टी एक बार फिर से रिकार्ड मतों से जीतेगी।
बोरो पलेयर के भरोसे भाजपा
हेमंत ने कहा कि विपक्ष के मुद्दाविहीन है। हाल यह है कि भाजपा को विधानसभा में विपक्ष का नेता नहीं मिल रहा है। बोराे प्लेयर के भरोसे भाजपा घर भरने की तैयारी में है। कहा कि भाजपा के रग-रग और नस-नस से वाकिफ हैं। चुनाव मैदान सजने दीजिए विपक्ष के हरेक एक गेंद पर छक्का लगेगा। मौके पर मौजूद मंत्री व कांग्रेसी नेता आलमगीर आलम ने कहा कि दुमका और बेरमो महागठबंधन की परंपरागत सीट है। इन सीटों पर झामुमो और कांग्रेस का कब्जा रहा है इसलिए उपचुनाव में भी भाजपा की हार तय है। राजद कोटे से मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि गठबंधन एकजुट है और पूरी ताकत से विरोधी प्रत्याशियों को धूल चटाएगी। मौके पर मंत्री बादल पत्रलेख, झामुमो विधायक नलीन सोरेन, कांग्रेस के डॉ.इरफान अंसारी, प्रदीप यादव, ममता कुमारी, बेरमो के कांग्रेस प्रत्याशी जयमंगल सिंह एवं दुमका के बसंत सोरेन मौजूद थे।
बिहार में रार और झारखंड में करार पर सीएम बोले क्षेत्र बदलने से बदल जाती है युद्ध नीति
पत्रकारों से बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जब यह सवाल पूछा गया कि बिहार के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन से रार और यहां के उपचुनाव में करार की नौबत क्यों है के जवाब में कहा कि क्षेत्र बदलने के युद्ध की नीतियां भी बदलनी पड़ती है। कहा कि भाजपा ने राजनीति की परिभाषा बदल दिया है इसलिए यह जरूरी है कि रणनीति के साथ आगे बढ़ा जाए। कहा कि बिहार में भी महागठबंधन के पक्ष में लहर है। इस सवाल पर कि क्या वे बिहार में झामुमो के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करने के अलावा राजद और कांग्रेस के प्रत्याशियों के लिए भी प्रचार में जाएंगे के जवाब में हेमंत सोरेन ने कहा कि इस पर भी रणनीति तय की जाएगी।
केंद्र की तरह नहीं है झारखंड की सरकार
केंद्र की भाजपा सरकार पर बरसते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि गलत आंकड़ों के सहारे राजनीति करने वाली केंद्र की सरकार की तरह झारखंड की सरकार नहीं है। कोविड-19 की आड़ में जिस तरह से केंद्र सरकार ने पूंजीपतियों को पिछले दरवाजे से इंट्री दी है वह किसी भी छुपा नहीं है। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास अनर्गल प्रलाप कर रहे हें। उनके पाप का घड़ा भर गया चुका था इसलिए जनता ने उन्हें गद्दी से उतार दिया। इस सवाल पर कि उपचुनाव में आजसू फैक्टर कितना प्रभावी होगा के जवाब में कहा कि आजूस कोई फैक्टर ही नहीं है।