CM ने गिनाई BJP सरकार की उपलब्धि, कहा-जिन्हें नहीं दिख रहा विकास और बदलाव वे सड़कों को देखें
धनबाद में विकास हो रहा है। पहले आते थे तो यहां की सड़के संकीर्ण और टूटी-फूटी दिखती थी। आज चाैड़ी और अच्छी दिख रही हैं।
धनबाद, जेएनएन। केंद्र और झारखंड की भाजपा सरकार में जिन लोगों को विकास और बदलाव नहीं दिख रहा है उन्हें सड़कों को देखने के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नसीहत दी है। उन्होंने सवाल किया है कि 2014 से पहले सड़कें कैसी थीं? साथ ही खुद ही जवाब देते हुए कहा कि 2019 में सड़कें चाैड़ी और मजबूत दिख रही हैं। यह विकास और बदलाव है।
धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही धनबाद के संदर्भ में भी बातें की। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि धनबाद में विकास हो रहा है। पहले आते थे तो यहां की सड़के संकीर्ण और टूटी-फूटी दिखती थी। आज चाैड़ी और अच्छी दिख रही हैं। आने वाले दिनों में सभी सड़कें चाैड़ी और अच्छी हो जाएंगी। मुख्यमंत्री ने धनबाद शहर में विकास कार्यों के लिए मेयर चंद्रशेखऱ अग्रवाल की पीठ थपथपाई। कहा, वह अच्छा काम कर रहे हैं। साथ ही धनबाद के मुद्दों को समय-समय पर उठाने के लिए सांंसद पीएन सिंह और विधायक राज सिन्हा का भी तारीफ किया।
धनबाद को जल्द मिलेगी फ्लाईओवर की साैगातः मुख्यमंत्री ने कहा कि धनबाद के विकास के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। यहां की जाम की समस्या समाप्त करने के लिए जल्द ही कैबिनेट में 248 करोड़ की लागत से प्रस्तावित फ्लाईओवर पास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल बोकारो में हवाईअड्डा का निर्माण हो रहा है। अगले फेज में धनबाद में हवाईअड्डा का निर्माण होगा। जिला खनिज फाउंडेशन के तहत पेयजल की योजनाएं शुरू की गई है। आने वाले दिनों में न सिर्फ शहर बल्कि गांवों में भी पीने के पानी आपूर्ति की जाएगी।