सीबीएसई ने बदला परीक्षा के प्रश्नपत्र का पैटर्न, अंग्रेजी में अब 35 प्रश्नों का देना होगा उत्तर
अभी तक पैसेज लिखने में छात्रों को काफी शब्दों में उत्तर देना होता था। एक पैसेज 1100 से 1200 और दूसरा पैसेज 400 से 500 शब्दों में लिखना होता था।
धनबाद, जेएनएन। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू होने से महज कुछ दिन पहले बड़ा बदलाव किया है। 12वीं अंग्रेजी के प्रश्न पत्र का पैटर्न बदल गया है। अब इसमें 40 की जगह 35 प्रश्न ही पूछे जाएंगे। प्रश्नों की संख्या में कमी की गई है। सीबीएसई ने यह बदलाव छात्रहित और विशेषज्ञों से मिले सुझाव के आधार पर किया है। इसकी जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट सीबीएसई डॉट एनआइसी डॉट इन दे दी गई है। सीबीएसई ने रीडिंग और राइटिंग दोनों सेक्शन में बदलाव किया है। 12वीं में अंग्रेजी कोर विषय की परीक्षा दो मार्च को होगी। इससे पहले सभी परीक्षार्थी को इसकी जानकारी मिले, इसके लिए बोर्ड ने स्कूल को निर्देश जारी कर दिया है। प्रश्नों की संख्या घटाने के साथ ही पैसेज की शब्द सीमा भी कम की गई है।
1200 की जगह अब 800 शब्द का पैसेजः अभी तक पैसेज लिखने में छात्रों को काफी शब्दों में उत्तर देना होता था। एक पैसेज 1100 से 1200 और दूसरा पैसेज 400 से 500 शब्दों में लिखना होता था। छात्रों की सुविधा के लिए पैसेज में शब्द संख्या कम की गई है। अब 1200 शब्द वाले पैसेज को 800 में ही उत्तर देना होगा। सेक्शन यानी रीडिंग पार्ट में 30 अंकों के अब 19 प्रश्न रहेंगे। अभी तक 30 अंक के 24 प्रश्न रहते थे।
प्रमुख बदलाव
- दीर्घ उत्तरीय (लांग क्वेश्चन) अब एक नहीं बल्कि दो होंगे। प्रत्येक प्रश्न के लिए पांच-पांच अंक निर्धारित।
- बहुविकल्पीय (मल्टीपल च्वाइस) वाले प्रश्नों की संख्या अब पांच होगी।
- अति लघु उत्तरीय (वेरी शॉर्ट क्वेश्चन) प्रश्नों संख्या 16 से घटाकर 9 कर दी गई है।
- लघु उत्तरीय (शॉर्ट) प्रश्नों के जवाब देने पर अब एक की जगह दो-दो अंक मिलेंगे। तीन सवाल पूछे जाएंगे।
- शब्दावली (वोक्येबुलेरी) वाले प्रश्नों की संख्या अब एक की जगह तीन होगी।
यह बदलाव इसी साल दो मार्च को होने वाली परीक्षाओं में लागू होगा। सीबीएसई की वेबसाइट पर सभी चीजें बता दी गई हैं। बावजूद इसके सभी स्कूलों को बदलाव के संबंध में बता दिया गया है। इससे छात्रों को राहत मिलेगी। शब्द संख्या कम होने से उत्तर देने में आसानी भी होगी।
- टीके सिन्हा, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सीबीएसई