स्वरोजगार के प्रशिक्षण संग रैंप पर कैटवॉक
मॉडल्स ने ब्राइडल परिधान में रैंप पर कैटवॉक किया। इसमें बीएसएस कॉलेज और डीएवी की छात्राएं भी शामिल थीं।
धनबाद। ब्यूटी एंड द बेस्ट मैग्जीन की ओर से सोमवार को धनबाद क्लब में सौंदर्य एवं फैशन उद्योग पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि वैभव सिन्हा, क्लब के सचिव संजीव बियोत्रा, शिक्षाविद आरएन चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रथम सत्र में सौंदर्य उद्योग में स्वरोजगार के लिए महिलाओं का प्रशिक्षण शिविर लगा। इसमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो, आसनसोल, जामताड़ा, पारसनाथ, गिरिडीह, देवघर आदि की महिलाएं शामिल हुई।
दिल्ली के डॉ. नरेश अरोड़ा, उड़ीसा से नैंसी श्रीवास्तव, दुर्गापुर से सोना ने प्रशिक्षण दिया। सोना ने अमेरिकन मैक कंपनी का तरीका सिखाया। कोलकाता से ताप्ती सिंघा व बड़बिल से अगमप्रीत ने प्रशिक्षण दिया। कुल 60 महिला उद्यमियों ने ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया। इसी सत्र में मैग्जीन की संपादक प्रीति पूजा ने ब्यूटी एंड द बेस्ट एकेडमी और एसोसिएशन के गठन की घोषणा की। इस दौरान वुमेन आंत्रप्रन्योर ऑफ वासेपुर अभियान की शुरुआत भी की गई।
वासेपुर की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प के सामान की प्रदर्शनी लगाई गई। द्वितीय सत्र में पावर वॉक का आयोजन हुआ, जिसमें मॉडल्स ने ब्राइडल परिधान में रैंप पर कैटवॉक किया। इसमें बीएसएस कॉलेज और डीएवी की छात्राएं भी शामिल थीं। मौके पर शिल्पा सिंह, डॉ. एस खालिद, मोबिन अहमद, डॉ.अरविंदर कौर, अभिजीत राज, पंकज कुमार, अनिल पांडे मौजूद थे।