गोड्डा के राजद प्रत्याशी संजय यादव पर SC-ST एक्ट के तहत मामला दर्ज, भाजपा नेत्री को कहे जाति सूचक शब्द Godda News
गोड्डा के राजद प्रत्याशी संजय यादव पर पथरगामा थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि उन्होंने मुखिया लिलीसी हेंब्रम के घर को घेर लिया और जाति सूचक शब्द कहे।
धनबाद/गोड्डा, जेएनएन। गोड्डा के राजद प्रत्याशी संजय यादव पर पथरगामा थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि राजद प्रत्याशी ने लाठी-डंडों से लैस अपने करीब 20 समर्थकों के साथ पथरगामा प्रखंड की महेशलिट्टी पंचायत की मुखिया लिलीसी हेंब्रम के घर को घेर लिया और जाति सूचक शब्द कहे। उक्त घटना 18 दिसंबर की मध्य रात्रि की है।
इसके विरोध में मुखिया लीलीसी हेम्ब्रम अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गई। वह भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष भी हैं। लीलीसी के धरने की सूचना पर दूसरे दिन पुलिस निरीक्षक बलवीर सिंह एवं थाना प्रभारी सुभाष कुमार मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लीलीसी ने धरना समाप्त किया।
बताया जाता है कि घटना की रात गोड्डा के भाजपा प्रत्याशी अमित मंडल भी मुखिया के घर पर ही थे। मुखिया के ससुर मणिलाल हांसदा गोड्डा कोर्ट में अधिवक्ता हैं। मणिलाल हांसदा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के प्रस्तावक भी थे।
इधर, इस मामले में राजद प्रत्याशी संजय प्रसाद यादव ने कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक पूर्वाग्रह से केस किया गया है। उन्होंने किसी मुखिया को न तो गाली दी है और न ही उनके घर पर लाठी-डंडे चलाए। आरोप निराधार है। घटना की रात भाजपा प्रत्याशी बोरे में रुपये भर कर वोटरों के बीच बांट रहे थे, जिसका मैंने प्रतिवाद किया था।