भाजपा विधायक के समर्थक के भाई की लाठी-डंडे से पीट हत्या
सत्येंद्र पर अचानक अरुण मंडल ने अपने समर्थकों के साथ हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से प्रहार किया। बड़ा सा पत्थर उठा सीने पर पटक दिया। पीएमसीएच में सोमवार तड़के मृत्यु हो गई।
धनबाद, जेएनएन। शहर के मनईटांड में रविवार की रात भाजपा नेता बलराम सिंह के भाई सत्येंद्र सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। इलाज के दौरान सत्येंद्र की सोमवार तड़के मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद मनईटांड में दो गुटों के बीच तनाव है।
मनईटांड कुम्हारपïट्टी के पास सत्येंद्र पर अचानक अरुण मंडल ने अपने समर्थकों के साथ हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से प्रहार किया। इसके बाद सत्येंद्र के सीने पर बड़ा सा पत्थर उठा कर पटक दिया। हमले के बाद बेहोशी के हाल में सत्येंद्र को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया जहां सोमवार तड़के मृत्यु हो गई। सत्येंद्र भाजपा नेता बलराम का भाई है। बलराम बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो का समर्थक बताया जाता है।
विवाद का कारण पुरानी रंजिश : घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। सत्येंद्र ने अरुण मंडल पर मुकदमा कर रखा था। सत्येंद्र के भाई बलराम का कहना है कि अरुण मुकदमे की वापसी के लिए दबाव डाल रहा था। इस मामले में बलराम ने धनसार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीएमसीएच पहुंचे विधायक राज सिन्हाः भाजपा नेता के भाई की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह धनबाद के विधायक राज सिन्हा पीएमसीएच पहुंचे। उन्होंने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सत्येंद्र के परिजनों को आश्वस्त किया।