बोकारो में बैंक लूटनेवाले चार गिरफ्तार, 20 लाख बरामद
बोकारो में बैंक लूटनेवाले चार गिरफ्तार 20 लाख बरामद
बोकारो में बैंक लूटनेवाले चार गिरफ्तार, 20 लाख बरामद
संस, चासनाला/भौंरा : बोकारो के चास थाना क्षेत्र के इंडियन बैंक गुरुद्वारा शाखा में बुधवार को हुई दिनदहाड़े डकैती का पर्दाफाश पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने बैंक डाकाकांड के मास्टरमाइंड सहित चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटे गए 20 लाख रुपये और चार कट्टा बरामद कर लिया है। घटना में शामिल दो अपराधी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। उन्हें भी दबोचने का प्रयास किया जा रहा है। डाकाकांड के 12 घंटे के अंदर ही पुलिस ने अपराधियों को दबोच लिया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग : पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से बैंक के अंदर व बाहर खड़े अपराधियों की तस्वीर मिली। इसके बाद पुलिस ने गुप्तचरों का सहारा लिया। तब कांड में शामिल एक अपराधी की पहचान सुदामडीह थाना क्षेत्र के 13 नंबर निवासी शुभम यादव के रूप में हुई। इसके बाद सुदामडीह थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक, भौंरा ओपी प्रभारी हिमांशु कुंवर, चास मुफस्सिल थाना के थाना प्रभारी अजय उपाध्याय ने जाल बिछाया। पहले पुलिस ने शुभम का मोबाइल नंबर पता किया। उसे सर्विलांस पर डाला गया। उसके दोस्तों व अन्य लोगों पर भी नजर रख रही थी। देर रात को शुभम का मोबाइल लोकेशन भौंरा अस्पताल के समीप मिला। उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया गया। उस वक्त वह नशे में धुत था। उसके पास से करीब एक लाख रुपये नकद भी बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के नाम बताए। पुलिस ने शुभम के घर पर भी छापामारी की। वहां उसके कमरे के बेड के अंदर से करीब तीन लाख रुपये नकद व एक कट्टा बरामद किया गया।
डुमरी में बस से पकड़ा गया मास्टरमाइंड : शुभम के मोबाइल से डाकाकांड के मास्टरमाइंड बिहार शरीफ निवासी जितेंद्र सिंह का मोबाइल नंबर मिला। उसके मोबाइल का लास्ट लोकेशन धनबाद बरटांड़ बस पड़ाव मिला। पुलिस तत्काल बरटांड़ बस स्टैंड पहुंची। वहां मालूम चला कि दो बस बिहार के लिए रवाना हुई है। पुलिस ने तत्काल बस के ड्राइवर व कंडक्टर से संपर्क किया। बस का लोकेशन जाना। इसके बाद गिरिडीह पुलिस को सूचना देकर डुमरी टोल प्लाजा के पास बस को रोका गया। उसमें सवार जितेंद्र सिंह व उसके एक साथी को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से डकैती के करीब 15 लाख रुपये नकद व तीन कट्टा बरामद किया गया। बताते चलें कि चास स्थित इंडियन बैंक गुरुद्वारा शाखा में बुधवार को दिनदहाड़े गार्ड व कर्मियो से मारपीट कर छह डकैतों ने करीब 39 लाख रुपये लूट लिए थे। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए बोकारो की पुलिस धनबाद की पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद बोकारो सीमा पर स्थित धनबाद के थानों की पुलिस जांच में जुटी थी।
भौंरा के दिनेश के घर में हुआ पैसों का बंटवारा : भौंरा छह नंबर निवासी दिनेश के घर में बैंक डाका के बाद अपराधियों ने शरण ली। वहां सभी के बीच पैसों का बंटवारा हुआ। गिरफ्तार शुभम व दिनेश ने यह बात बताई। उन्होंने कहा कि सभी को पांच-पांच लाख रुपये हिस्से में मिले थे। जबकि पटना के जितेंद्र ने घटना में आर्म्स, बाइक व सारा खर्च उठाया था। इसलिए उसने डबल हिस्सा लिया था। उसने दस लाख रुपये अपने पास रखे थे। जबकि भौंरा के दिनेश को भी करीब 25 हजार रुपये दिए गए थे।
छह अपराधी थे शामिल : बैंक डाकाकांड में छह अपराधी शामिल थे। तीन बाइक में एक होंडा साइन और दो स्प्लेंडर प्रो से घटना को अंजाम दिया गया। अपराधी घटना के बाद चास, तेलगड़िया, अमलाबाद होते हुए बिरसा पुल के रास्ते भौंरा पहुंचे थे। डाका में शामिल भौंरा 13 नंबर के शुभम यादव, भौंरा छह नंबर के दिनेश, पटना के जितेंद्र सिंह व उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि भौंरा का राजकुमार यादव उर्फ राजा व बलियापुर का उमेश महतो उर्फ गदर अब भी फरार है। पुलिस सूत्रों की माने तो बिहारशरीफ निवासी जितेन्द्र सिंह ही कांड का मास्टरमाइंड है। इसी ने पहले शुभम यादव से संपर्क किया। फिर बाद में शुभम यादव ने भौंरा के राजा यादव, दिनेश यादव व बलियापुर निवासी उमेश महतो से संपर्क किया। पिछले एक सप्ताह से इस डाकाकांड को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी। रेकी पूरी हो गई तो हथियार जितेन्द्र सिंह ने, जबकि तीन बाइक बलियापुर के उमेश महतो उर्फ गदर ने उपलब्ध कराई थी। सारा खर्च जितेंद्र ने उठाया था। फिर सभी डकैत घटना को अंजाम देने के दिन के करीब 11 बजे भौंरा में जुटे व सभी छह अपराधी तीन मोटरसाइकिल से घटना को अंजाम देने के लिए चास पहुंचे थे। पकड़ा गया भौंरा निवासी शुभम यादव अगस्त 2016 में आर्म्स एक्ट के मामले में धनबाद जेल भी जा चुका है। उसके खिलाफ सुदामडीह थाना में में आपराधिक मामला दर्ज है।