Move to Jagran APP

मंत्री की 'टी पॉलिटिक्स' से भाजपा की राजनीति में मचा हलफा

अपने अलग राजनीतिक अंदाज के कारण झारखंड की रघुवर सरकार के मंत्री सरयू राय हमेशा चर्चे में रहते हैं। अब धनबाद में 'टी पॉलिटिक्स' कर भाजपा की राजनीति में हलफा मचा दिया है। उन्होंने शुक्रवार की शाम भाजपा के घोर विरोधी मा‌र्क्सवादी समन्वय समिति के विधायक अरुप चटर्जी के निरसा स्थित घर पर जाकर चाय पी।

By JagranEdited By: Published: Sat, 11 Aug 2018 12:44 PM (IST)Updated: Sat, 11 Aug 2018 12:44 PM (IST)
मंत्री की 'टी पॉलिटिक्स' से भाजपा की राजनीति में मचा हलफा
मंत्री की 'टी पॉलिटिक्स' से भाजपा की राजनीति में मचा हलफा

जागरण संवाददाता, धनबाद : अपने अलग राजनीतिक अंदाज के कारण झारखंड की रघुवर सरकार के मंत्री सरयू राय हमेशा चर्चे में रहते हैं। अब धनबाद में 'टी पॉलिटिक्स' कर भाजपा की राजनीति में हलफा मचा दिया है। उन्होंने शुक्रवार की शाम भाजपा के घोर विरोधी मा‌र्क्सवादी समन्वय समिति के विधायक अरुप चटर्जी के निरसा स्थित घर पर जाकर चाय पी। इस राजनीति से भाजपाई दंग हैं। दूसरी तरफ मंत्री और विधायक के बीच हुई मुलाकात को लेकर जितनी मुंह उतनी राजनीतिक बातें शुरू हो गई हैं।

loksabha election banner

झारखंड भाजपा के कद्दावर नेता मंत्री सरयू राय शुक्रवार को यहां आइआइटी-आइएसएम में आयोजित सेमिनार में भाग लेने आए थे। वह शाम के समय निरसा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरुप चटर्जी के घर पहुंचे। अरुप लाल झंडे की राजनीति करते हैं और राय केसरिया। दोनों की विचारधारा नदी के दो किनारे की तरह है जो कभी मेल नहीं खाती। विधायक के घर मंत्री ने चाय पी। उनके साथ बंद कमरे में बातें की। इस बाबत पूछने पर मंत्री ने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग अलग हो सकती हैं। मतभेद हो सकते हैं। परंतु मनभेद नहीं होना चाहिए। पक्ष-विपक्ष में आपसी संबंध सौहार्दपूर्ण होना चाहिए। इसी परंपरा के तहत विधायक चटर्जी से मुलाकात की।

'टी पॉलिटिक्स' कर मंत्री धनबाद से चले गए। लेकिन उनके जाने के बाद धनबाद भाजपा की राजनीति में अंदरखाने भूचाल आ गया है। दरअसल, मंत्री और विधायक की मुलाकात को धनबाद के सांसद पीएन सिंह को मुंह चिढ़ाने वाली राजनीति मानी जा रही है। इन दिनों भाजपा सांसद पीएन सिंह और मासस विधायक अरुप चटर्जी के बीच अच्छे संबंध नहीं हैं। अलग-अलग पार्टी के जनप्रतिनिधि होने के कारण दोनों एक-दूसरे के खिलाफ विषवमन करते रहते हैं। वहीं निरसा विधानसभा की राजनीति में भी मासस विधायक अरुप का भाजपा से सीधा मुकाबला है। पिछला चुनाव अरुप ने हजार मतों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी गणेश मिश्र को शिकस्त देकर जीता था। इसे लेकर धनबाद के भाजपाई मंत्री की 'टी पॉलिटिक्स' को पचा नहीं पा रहे हैं।

राजनीतिक प्रेक्षक मंत्री राय की 'टी पॉलिटिक्स' को अलग ही नजरिए से देख रहे हैं। अरुप के साथ मुलाकात को लोकसभा चुनाव की तैयारी माना जा रहा है। राय की नजर धनबाद लोकसभा पर है। इसके मद्देनजर उन्होंने धनबाद में सक्रियता बढ़ा दी है। वह ऐसे लोगों से भी मिल रहे हैं जिनसे उन्हीं की पार्टी के सांसद पीएन सिंह से अच्छे संबंध नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.