अब तक पुलिस ने MLA Dhulu Mahto पर नहीं दर्ज की FIR, पीड़िता ने लगाया गंभीर आरोप Dhanbad News
भाजपा नेत्री ने रविवार को गांधी सेवा सदन में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनपर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डाला जा रहा है। विधायक अपने लोगों से लगातार परेशान करवा रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। बाघमारा के विधायक ढुलू महतो पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाने वाली धनबाद जिला भाजपा कमेटी की महिला पदाधिकारी ने विधायक और विधायक के आदमियों से अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा है कि विधायक उनकी जान के पीछे पड़े हैं। जीना मुहाल कर दिया है। मजबूर करने के लिए आर्थिक रूप से कमजोर करना चाहते हैं।
भाजपा नेत्री ने रविवार को गांधी सेवा सदन में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनपर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डाला जा रहा है। विधायक अपने लोगों से लगातार परेशान करवा रहे हैं। महिला ने बताया कि मैंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई, पर अभी तक किसी प्रकार की सुरक्षा नहीं दी गई है। महिला ने बताया कि विधायक के इशारे पर उनके कुछ आदमी मेरे हाइवा को दबंगई से ले गए और ड्राइवर के साथ मारपीट कर बरवाअड्डा ले जाकर धमकी देते हुए छोड़ दिया। इस मामले में स्थानीय थाना में शिकायत भी की गई है। लेकिन अभी तक किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
भाजपा नेत्री ने बताया कि उनकी पहली शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने धनबाद पुलिस को समन जारी करते हुए 22 अक्टूबर तक जवाब मांगा था कि आखिर विधायक पर इस मामले में एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई है। इसके बावजूद पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है।