बाघमारा विघायक के समर्थन में खुलकर उतरी भाजपा, जिलाध्यक्ष बोले- 'ढुलू सामने आते तो पुलिस एनकाउंटर कर देती' Dhanbad News
भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार दुर्भावना में कार्रवाई कर रही है। बाघमारा विधायक के आवास पर छापेमारी से नाराज सिंह ने कहा कि पुलिस के खिलाफ आंदोलन होगा।
धनबाद, जेएनएन। एसएसपी किशोर कौशल के आदेश पर भोर में ढुलू महतो के आवास पर धावा बोलने से धनबाद जिला भाजपा नाराज है। परिसदन में गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन कर जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि विधायक ढुलू महतो सामने आ जाते तो पुलिस एनकाउंटर कर देती। पुलिस पर विश्वास नहीं किया जा सकता। इसी कारण ढुलू महतो सामने नहीं आ रहे हैं। दुर्भावना में हेमंत सरकार कार्रवाई करा रही है।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चुनचुन गुप्ता को मैथन से उठाया गया है। उन पर कोई आरोप नहीं है। ढुलू महतो के साथ रहने वाले लोगों को पकड़ कर पुलिस उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करा रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को एसएसपी किशोर कौशल से मुलाकात कर आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। धनबाद में पुलिस के खिलाफ आंदोलन होगा। सरकार के खिलाफ सदन में आवाज उठाई जाएगी, चाहे लोकसभा हो या विधानसभा।
उन्होंने कहा कि ढुलू महतो के खिलाफ ऐसा अभियोग नहीं है जो आधी रात में छापा मारना पड़े। रघुवर सरकार में ऐसा कभी नहीं हुआ था। विजय झा के बेटा पर आरोप लगा था। और भी मामले थे। किसी मामले में इस तरह कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि ढुलू महतो के खिलाफ जिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई, उसमें कोई गैर जमानती धारा नहीं थी। दोबारा आवेदन में ऐसी बातों को जोड़ा गया कि जमानत नहीं मिल सके।
डोमन महतो ने 29 अप्रैल 2019 को शिकायत की थी। इसमें दुकान बनाने से रोकने और मारने की धमकी देने का आरोप था। 14 फरवरी 2020 को उसी मामले में पुलिस ने डोमन महतो से दूसरा आवेदन लिखवाया। वो बातें लिखी गई जिससे विधायक के खिलाफ अभियोग को गैर जमानती बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में और भी कई गंभीर मामले पुलिस के पास विचाराधीन है। उस पर भी उतनी ही तत्परता दिखानी चाहिए।