डॉ. कैलाश के साथ मारपीट व लूट के विरोध में भाजपा का धरना, कानून व्यवस्था को बताया पूरी तरह फेल Dhanbad News
डॉ. कैलाश के साथ मारपीट व लूट की घटना के विरोध ने भाजपा ने धरना दिया। भाजपा ने हेमंत सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
धनबाद, जेएनएन। शहर के मशहूर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. कैलाश के साथ मारपीट व लूट के विरोध ने भाजपा ने शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक पर धरना दिया। धरने में धनबाद विधायक राज सिन्हा, मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, रागिनी सिंह समेत अन्य भाजपाई शामिल हुए। इस दौरान भाजपा ने जिले व राज्य में बिगड़ते कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जतायी एवं डॉ. कैलास पर हमला करने वाले बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि शहर में बढ़ रही आपराधिक वारदातों को लेकर लोगों में डर व्याप्त है। डॉ. कैलाश पर हमले से पहले झरिया व धनबाद के व्यावसायियों से रंगदारी का मामला प्रकाश में आया था, जिसके बाद से ही भाजपा हेमंत सोरेन की सरकार पर हमलावर है। भाजपा का कहना है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही रंगदारी व आपराधिक वारदात बढ़ गये हैं। यह सरकार कानून व्यवस्था के मामले में अभी तक पूरी तरह से फेल रही है।
डॉ. कैलाश से मिले स्वास्थ्य मंत्री : इधर, भाजपा के धरना से पहले सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने डॉ. कैलाश से उनके आवास पर मुलाकात की तथा उनका हाल जाना। वे लगभग आधे घंटे उनके घर पर रहे व घटना की जानकारी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमलावर जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। इसको लेकर पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि डॉक्टरों की समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा।