Farmers Protest: भ्रम दूर करने को भाजपा के सांसद-विधायकों ने विपक्ष पर बोला हल्ला, तीन नए कृषि कानूनों को बताया लाभकारी
भाजपा सांसद पीएन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने 2023 तक किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से नया कृषि बिल लाया है। इसके प्रावधान ऐसे हैं जो किसानों को लाभ दिलाएंगे। मुद्दतों से कृषि संगठन मांग कर रहे थे।
धनबाद, जेएनएन। तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के आंदोलन और विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए भाजपा भी अब खुलकर मैदान में आ गई है। झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष धनबाद के सांसद पीएन सिंह, धनबाद के विधायक राज सिन्हा, सिंदरी के विधायक इंद्रजीत महतो और बाघमारा के विधायक ढुलू महतो ने सोमवार को यहां सर्किट हाउस में संवाददाता सम्मेलन कर विपक्ष पर हल्ला बोला। एक स्वर में कहा-कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष किसानों का भला नहीं चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए तीन नए कृषि कानून बनवाया तो विपक्षी पार्टियों को बदार्श्त नहीं हो रहा है।
2023 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य
भाजपा सांसद पीएन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने 2023 तक किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से नया कृषि बिल लाया है। इसके प्रावधान ऐसे हैं जो किसानों को लाभ दिलाएंगे। मुद्दतों से कृषि संगठन मांग कर रहे थे कि उन्हें कृषि बाजार समिति के अलावा पूरे देश में खुला बाजार दिया जाए। आज जब सरकार ने इस मांग को मानते हुए कृषि बिल में प्रावधान किया है तो कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां अपनी राजनीतिक रोटी सेक रही हैं। वामपंथी कृषकों को उग्र बना रहे हैं। इनका एकमात्र काम समाज में अराजकता फैलाना और उसका लाभ उठाना है। इसके लिए मोदी सरकार की हर अच्छी नीति का विरोध करते हैं। यही उनका प्रमुख काम रह गया है। कहना था
मंगलवार को प्रमंडल स्तरीय किसान पंचायत
सांसद ने बताया कि मंगलवार को कृषि बिल के समर्थन में प्रमंडल स्तरीय किसान पंचायत का आयोजन जिला परिषद मैदान में किया गया है। इसकी अनुमति जिला प्रशासन ने दे दी है। निरसा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता इस पंचायत की संयोजक बनाई गई हैं। इसमें हजारीबाग प्रमंडल के सभी जिलों से तकरीबन 10000 किसान भाग लेंगे। उन्हें कृषि बिल की वास्तविकता की जानकारी दी जाएगी। उन्हें बताया जाएगा कि किस तरह वामपंथी पार्टियां और कांग्रेस कृषि बिल के विरोध में सी ए ए, 370 जैसे मुद्दों को शामिल कर अपनी राजनीतिक रोटी सेक रहे हैं। उन्होंने इस आशंका को भी दरकिनार किया कि कृषि बिल में दो पक्षों के विवाद को सुधारने के लिए अदालत के अधिकार का हनन किया गया है। कहा कि प्रावधान यह है कि एक समिति बनेगी जो मामले की सुनवाई करेगी। अगर वहां समझौता ना हो सका तब इसे अनुमंडल न्यायाधीश के पास ले जाया जाएगा। इसमें कहीं भी न्यायपालिका के अधिकारों का हनन नहीं किया गया है।
ढुलू महतो की उपस्थिति रही खास
हाल के दिनों में यह पहला अवसर था जब पार्टी के किसी मीटिंग में बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो भी मौजूद रहे। हालांकि वह सबसे अंत में आए थे। प्रेस वार्ता के दौरान निरसा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, ग्रामीण अध्यक्ष ज्ञान रंजन सिंहा, संजय झा, मिल्टन पार्थसारथी, मानस प्रसून, चंद्रशेखर मुन्ना, अमलेश सिंह आदि मौजूद थे।