BJP MLA ने हेमंत सरकार की प्राथमिकता पर उठाए सवाल, ट्रांसफर-पोस्टिंग के खेल में खुलेआम लग रही पैसे की बोली
बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने शनिवार को करगली बाजार में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में की। इस दौरान उन्होंने सूबे की हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग का उद्योग चल रहा है जिसमें केवल पैसे की बोली लग रही है।
बेरमो, जेएनएन। Bermo Byelection 2020 हेमंत सरकार के कार्यकाल में एक इंच भी सड़क नहीं बनी है। पानी, बिजली, स्वास्थ्य, रोजगार, विकास के मुद्दे पर भी सूबे की सरकार की मंशा साफ नहीं है। वर्तमान सरकार विकास नहीं राज्य का विनाश चाहती है। सरकार राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग का उद्योग चला रही है, जिसमें केवल पैसे की बोली लग रही है। कांग्रेस को भीतरघात का सामना करना पड़ेगा। उक्त बातें शनिवार को बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने करगली बाजार में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कही।
बिरंची नारायण बेरमो विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल के पक्ष कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरे तन-मन से चुनाव की तैयारी में लगने को कहा। विधायक ने कहा कि आजसू पार्टी का एनडीए को पूरा समर्थन मिल रहा है। पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय की पूरी टीम एनडीए के लिए चुनाव में लगी हुई है। लोजपा व झामुमो उलगुलान ने भी अपना समर्थन दिया है। कार्यकर्ताओं से कहा कि राज्य सरकार की दस माह की नाकामी को जनता के बीच पहुंचने का कार्य करें।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री ने किया दौरा : बेरमो विधानसभा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल के पक्ष में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री विनय कुमार ने शनिवार को चंद्रपुरा प्रखंड की सिजुआ व करमाटांड़ पंचायत का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति बनाई। कहा कि उम्मीदवार की सफलता बूथ स्तरीय परिणाम पर निर्भर करता है। इसलिए बूथ को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जुट जाएं।