6 से शुरू होगा भाजपा का मिस्डकॉल सदस्यता अभियान, मिला सवा लाख का टारगेट Dhanbad News
सदस्यता अभियान छह जुलाई से प्रारंभ होना है। इसी दिन पीएम नए मोबाइल नंबर 8980808080 का उद्घाटन करेंगे। इस पर मिस कॉल करनेवाले स्वत भाजपा के सदस्य बन जाएंगे।
धनबाद, जेएनएन। भाजपा धनबाद जिला में इस वर्ष सवा लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य पर काम करेगी। यह लक्ष्य सोमवार को रांची में जिला सदस्यता प्रभारियों के साथ बैठक में दी गई। बैठक राष्ट्रीय सदस्यता प्रमुख सह मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक से लौटे भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह व जिला सदस्यता प्रभारी मानस प्रसून ने बताया कि धनबाद को एक लाख 25 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
सदस्यता अभियान छह जुलाई से प्रारंभ होना है। इसी दिन पीएम नए मोबाइल नंबर 8980808080 का उद्घाटन करेंगे। इस पर मिस कॉल करनेवाले स्वत: भाजपा के सदस्य बन जाएंगे। सात, आठ व नौ जुलाई को सदस्यता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसी तरह एक से सात अगस्त तक सभी शक्ति केंद्रों (पंचायत व वार्डों) में विस्तारक निकाले जाएंगे। ये विस्तारक अपने शक्ति केंद्र में एक सप्ताह तक पूर्णकालिक सदस्य के तौर पर काम करेंगे व सदस्यता अभियान चलाएंगे। अभियान 11 अगस्त तक चलाया जाना है। 11 अगस्त तक 25 या उससे अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा जो संगठन को स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप