भाजपा मंडल अध्यक्ष बनने के लिए मारामारी, रायशुमारी में चले लात-घूसे Dhanbad News
धनबाद में भाजपा संगठन के 35 मंडल हैं। इन सभी मंडलों के लिए अध्यक्ष का चुनाव होना है। अनुशासित कही जाने वाली भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार सुबह जमकर मारपीट हुई।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड प्रदेश भाजपा का संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में मंडल अध्यक्षों के चुनाव के लिए बुधवार को धनबाद जिला भाजपा कार्यालय में रायशुमारी शुरू हुई। इस दाैरान मंडल अध्यक्ष के दावेदारों के बीच धनबाद जिला भाजपा कार्यालय में ही हाथ और घूसे चलने लगे। यह देख रायशुमारी के लिए पहुंचे प्रभारी बालमुकुंद सहाय और प्रणव वर्मा दंग रह गए। जिला पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
धनबाद जिले में भाजपा संगठन के 35 मंडल हैं। इन सभी मंडलों के लिए अध्यक्ष का चुनाव होना है। अनुशासित कही जाने वाली भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार सुबह जमकर मारपीट हुई। मंडल अध्यक्षों की रायशुमारी के लिए जिलेभर के कार्यकर्ता सुबह 10 बजे से डेरा डाले हुए थे। इसी दौरान कलियासोल के कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि मंडल कमेटी में धांधली हुई है। कई कार्यकर्ता अपने आप को मंच मोर्चा का अध्यक्ष बता रहे थे। इस दौरान पवन पांडे नाम के कार्यकर्ता ने स्वयं को युवा मोर्चा मंडल कमेटी का महामंत्री बताते हुए अभय चौबे के ऊपर हाथ चला दिया। इसके बाद हंगामा मच गया।
हालांकि जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बीच बचाव किया। कलियासोल मंडल की वोटिंग तत्काल रुकवा दी गई । बाद में वहां के मंडल अध्यक्ष निताई चटर्जी को जिला अध्यक्ष ने जमकर फटकारा। उन्होंने जिला उपाध्यक्ष नितिन भट्ट, मुकेश पांडे के साथ मिलकर मंडल कमेटी के पदाधिकारियों का सत्यापन किया। निताई चटर्जी द्वारा बनाए गए नए अध्यक्ष व महा मंत्रियों की नियुक्ति अवैध ठहराए गए । पुराने पदाधिकारियों से वोटिंग करवाई गई।
बता दें की जिला प्रभारी बालमुकुंद सहाय, सह प्रभारी प्रणव वर्मा व जिला महामंत्री संजय झा सभी मंडल अध्यक्षों के लिए रायशुमारी कर रहे थे। सभी विधानसभा क्षेत्रों को एक 1 घंटे का समय दिया गया था। टुंडी विधानसभा के मंडल अध्यक्षों की रायशुमारी हो चुकी थी । निरसा विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों की रायशुमारी के दौरान यह विवाद हुआ। रायशुमारी को लेकर जिला कार्यालय पर सुबह से मेला जैसा नजारा था।