Bokaro: पेड़ से लटका मिला भाजपा नेता का शव, परिजनों को हत्या का संदेह
मथन प्रमाणिक मंगलवार की सुबह 9 बजे घर से निकले थे। शाम तक वह जब घर नहीं पहुंचे तो उनके मोबाइल पर फोन किया गया। उसने फोन नहीं उठाया।
बोकारो, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के नेता मथन प्रमाणिक का शव बुधवार सुबह भंडरो स्थित काजू वन में मिला है। शव एक पेड़ से लटका हुआ था। पास में ही मृतक की बाइक खड़ी थी। शव की स्थिति को देखते हुए लोग परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हत्या के बाद शव को पेड़ पर टांग आत्महत्या का रूप दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के साथ ही अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घरवालों के अनुसार प्रमाणिक मंगलवार की सुबह 9 बजे घर से निकले थे। शाम तक वह जब घर नहीं पहुंचे तो उनके मोबाइल पर फोन किया गया। उसने फोन नहीं उठाया। बुधवार की सुबह आसपास के लोगों ने पेड़ से लटकता हुआ शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पिन्ड्राजोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा किया। मृतक मथन प्रमाणिक कांड्रा गांव का रहने वाला था। वह जमीन संबंधी काम करता था। गांव और परिवार के सदस्यों ने शव को देखकर हत्या का संदेश जताया है। पुलिस से मामले की जांच की मांग की है।