यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संताल की नब्ज टटोलने के बाद आज दो दिन के धनबाद दौरे पर आ रहे झारखंड के भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी
झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी दो दिन के दौरे पर आज शाम धनबाद पहुंच रहे हैं। अपने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, धनबाद: झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी दो दिन के दौरे पर आज शाम धनबाद पहुंच रहे हैं। अपने इस दौरे के क्रम में वह सांसदों, विधायकों के अलावा पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले झारखंड आगमन पर वह सबसे पहले संताल परगना के दौरे पर पहुंचे। यहां की नब्ज टटोल कर वह अब धनबाद आ रहे हैं।
उनके यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा धनबाद जिला महानगर के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी शाम में गोविंदुपर इलाके से होकर शहर में प्रवेश करेंगे। प्रवेश करने के साथ वे भुईफोड़ मंदिर में पूजा पाठ कर अपने कार्यक्रम का श्रीगणेश करनेवाले हैं। इसके बाद शाम में वह पार्टी के चुने हुए जनप्रतिनिधियों यानी कि विधायकों और सांसदों के साथ एक हाेटल में बैठक करेंगे। इसमें पार्टी की सांगठनिक मजबूतियों पर चर्चा होगी। साथ ही संगठन को और मजबूत करने के उपायों को लेकर भी इस बैठक के दौरान उनके साथ विचार विमर्श होगा।
इसके बाद यात्रा के दूसरे दिन वह पार्टी के जिला स्तरीय सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उसके बाद सभी मोर्चों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर मोर्चों को और बेहतर करने के लिए संभावित उपायों पर चर्चा करेंगे। साथ ही इस दिशा में कार्यकर्ताओं को कैसे प्रोत्साहित किया जाए उन उपायों को भी तलाशने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं पार्टी सूत्रों के अनुसार, वाजपेयी प्रदेश में बन रहे नए राजनीतिक हालात के मद्देनजर सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने का कह सकते हैं। इससे संबंधित निर्देश वे इस बैठक के दौरान पार्टी के दोनों जिला इकाईयों महानगर और ग्रामीण के जिलाध्यक्षों के अलावा अन्य जिला पदाधिकारियों को दे सकते हैं। साथ ही पार्टी की जिला में वर्तमान राजनीतिक हालात पर भी पार्टी अधिकारियों से चर्चा करने वाले हैं। पार्टी के धनबाद जिलाध्यक्ष के अनुसार, नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी इसके बाद बारी बारी से सभी जिलों का भ्रमण कर वहां के हालात से रूबरू होंगे और प्रदेश स्तर पर पार्टी के आधार को और धार देने के लिए रणनीति बनाई जाएगी।
देवघर में थामा झाड़ू, बासुकीनाथ में लगाई
इधर, अपने संताल दौरे के दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के प्रभारी सह राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बाबा बासुकीनाथ के दरबार में बुधवार को पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत बासुकीनाथ स्थित एक होटल में भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती के साथ आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव को लेकर कार्य योजनाओं पर चर्चा की। इसके अलावा पार्टी के संगठन विस्तार व मजबूती पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की।

देवघर से की प्रदेश के सांगठनिक यात्रा की शुरुआत
वाजपेयी ने बाबा बैजनाथ की पूजा अर्चना कर प्रदेश में अपने सांगठनिक यात्रा की शुरुआत की। इसके तहत बुधवार को फिर से उन्होंने बाबा दरबार पहुंच भोलेनाथ के समक्ष मत्था टेका। इसके बाद वे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ आंबेडकर चौक पहुंचे और वहां सबसे पहले बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा की सफाई की। खुद झाडू थामकर वहां सड़क व उसके आसपास के इलाके की सफाई की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के क्रम में देवघर में बाबा आंबेडकर चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सफाई का काम किया गया। वहीं बाबा साहेब की मूर्ति को धोकर साफ किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाया गया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम आदि के नारे भी लगाए। कार्यकर्ताओं में काफी जोश दिखा। मौके पर देवघर विधायक नारायण दास, बबली सिंह, रीता चौरसिया, राजीव सिंह, पंकज भादोरिया, माया केशरी, अमृत मिश्रा, चंदशेखर खवाड़े, राकेश नरौने सहित अन्य पार्टी नेता व कार्यकर्ता भी सफाई कार्य में जुटे रहे।
गौरतलब है कि लक्ष्मीकांत बाजपेयी मंगलवार को देवघर पहुंचे थे। कल भी उन्होंने बाबा भोले के दरबार में हाजरी लगाई थी। वहीं यहां से वे जिले के मोहनपुर प्रखंड में आयोजित कार्यक्रम के तहत यक्ष्मा मरीजों से मिले और उनके बीच दवा व पौष्टिक आहार वितरित किया। साथ ही परिसदन में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान सभी से परिचय प्राप्त करने के साथ ही पार्टी व संगठन को लेकर चर्चा की। मंगलवार को देवघर में पूजा करने के बाद वे बाबा बासुकीनाथधाम के लिए रवाना हो गए।
