Jharkhand Assembly Election-2019 : सभी मंडल पर होंगे भाजयुमो के कार्यक्रम, भाजपा प्रत्याशी की जीत हमारा लक्ष्य Dhanbad News
भाजयुमो के धनबाद प्रभारी सुनील साहू ने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो उन्हें जिताना हमारा लक्ष्य है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजयुमो को सूबे में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
धनबाद, जेएनएन। हीरापुर स्थित भाजपा के जिला कार्यालय में भाजयुमो की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को हुई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अमलेश सिंह ने किया। इस बैठक में मुख्य रूप से भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष सह धनबाद के प्रभारी सुनील साहू शामिल हुए। साहू ने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, उन्हें जिताना हमारा लक्ष्य है।
धनबाद प्रभारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता युवा मोर्चा को पूरे प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। चाहे वह बूथ स्तर पर हो या विधानसभा स्तर पर हो या फिर मंडल स्तर पर हो। इसलिए हमें अपना बेहतर परफॉर्मेंस कर दिखाना है और 65 पार का जो लक्ष्य है वह भी पूरा करना है।
युवा मोर्चा पूरे प्रदेश में पूरी तरह से सशक्त
इस दौरान उन्होंने जिला पदाधिकारी वह मंडल अध्यक्षों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कहा कि इन नीतियों के आधार पर हम विपक्षियों को परास्त करने का काम करेंगे। सुनील साहू ने कहा कि पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री रघुवर दास को युवा मोर्चा पर पूरा भरोसा है। जिस पर हमें खरा उतरना है। साथ ही पार्टी ने प्रदेश नेतृत्व को हमें यह भरोसा दिलाना है कि युवा मोर्चा पूरे प्रदेश में पूरी तरह से सशक्त है एवं लगातार जनता के संपर्क में है।
विपक्ष को पूर्ण रूप से धराशाई
उन्होंने कहा कि इस बार हम जनता के बीच सरकार के किए विकास कार्यों को लेकर जाएंगे। योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर विपक्ष को पूर्ण रूप से धराशाई करने का काम करेंगे। भाजयुमो जिला अध्यक्ष अमलेश सिंह ने कहा कि भाजयुमो धनबाद जिले के सभी छह विधानसभा में काफी मजबूत स्थिति में है। इसलिए इस विधानसभा चुनाव में भाजयुमो की भूमिका अहम होगी। साथ ही प्रत्याशियों की जिताने में युवा मोर्चा की भूमिका सबसे अहम होगी।
प्रत्याशी कोई भी हो पार्टी के लिए काम करेगी भाजयुमो
अमलेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के तहत मंडल स्तरीय कार्यक्रम को लेकर प्रभारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं, जो कल से अपनी अपनी जिम्मेवारी के अनुसार काम करना शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का आदेशही हमारे लिए सर्वोपरि है। प्रत्याशी कोई भी हो हमें पार्टी के लिए काम करना है।